उत्तराखंड में मंदिर के बाहर नमाज पर बवाल: रुद्रपुर में मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल……

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में एक धार्मिक स्थल के बाहर नमाज अदा करने को लेकर विवाद सामने आया है. प्राचीन अटारिया मंदिर परिसर के बाहर नमाज पढ़ रहे एक युवक के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

क्या है रुद्रपुर का मामला।
जानकारी के मुताबिक, रेशमबाड़ी निवासी शाहिद पुत्र मोहम्मद जान मंदिर के समीप निर्माणाधीन मकान में राजमिस्त्री का काम कर रहा है. रमजान के दौरान वह काम के बीच मंदिर परिसर के बाहर एक स्थान पर नमाज अदा कर रहा था।

शाहिद का आरोप है कि मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा ने उसे वहां नमाज पढ़ने से रोका. इसके बाद कहासुनी हुई और मामला कथित रूप से मारपीट तथा अभद्र भाषा तक पहुंच गया। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना के बाद शाहिद अपने समुदाय के लोगों के साथ सिडकुल चौकी पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी. पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया है।

मंदिर प्रबंधन का पक्ष।
मंदिर प्रबंधक अरविंद शर्मा का कहना है कि शाहिद कई दिनों से मंदिर के बाहर नमाज पढ़ रहा था और उसे पहले भी मना किया गया था. उनका आरोप है कि मंगलवार को भी समझाने पर उसने अपशब्द कहे, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।

पुलिस की कार्रवाई
पंतनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नंदन सिंह रावत ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।

एसपी (क्राइम कंट्रोल) जितेंद्र चौधरी ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. वीडियो की पड़ताल की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रुड़की में भी मारपीट का वीडियो वायरल
इसी बीच हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में भी एक युवक से मारपीट का मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो धनौरी बाजार का बताया जा रहा है, जिसमें तीन से चार युवक एक व्यक्ति को दुकान से बाहर निकलते ही सड़क पर घेरते और हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं. आसपास मौजूद लोग मूकदर्शक बने नजर आ रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *