तो ससुराल से आई टोपी पहनकर सीएम धामी ने ली थी दूसरी बार शपथ…..
देहरादून : पुष्कर सिंह धामी के उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर दूसरी बार शपथ लेने पर उनके ससुराल पक्ष के लोग देहरादून पहुंचे। ससुरालियों ने सीएम धामी और गीता धामी को बधाई दी। सीएम थामी को ससुरालियों ने गंगोलीहाट के सुप्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर से लाई गई कुमाउनी टोपी भेंट की।
यही कुमाउनी टोपी धामी ने बुधवार को शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पहनी। इसके अलावा ससुरालियों ने हाट कालिका मंदिर से लाया गया प्रसाद और मां काली की एक तस्वीर भी धामी को भेंट की। सीएम धामी के ससुराल पक्ष के लोग वर्तमान में खटीमा तहसील के श्रीपुर बिचुवा गांव में रहते हैं। धामी के ससुर रमेश सिंह चड्ढा पूर्व सैनिक हैं।
चड्ढा परिवार मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के ग्राम बोकटा तहसील गंगोलीहाट का रहने वाला है। सीएम धामी के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने गए ससुरालियों ने हाट कालिका मंदिर का प्रसाद सीएम धामी को सौंपा और उनके ससुर रमेश सिंह चड्ढा ने मंदिर से लाई गई कुमाउनी टोपी भेंट की।
धामी ने अपने शपथ ग्रहण समारोह में टोपी पहनकर रखी। शपथ ग्रहण समारोह की सबसे खास बात यह रही कि पीएम नरेंद्र मोदी भी उत्तराखंड की टोपी पहने हुए नजर आए। आपको बता दें कि विधानसभा चुनाव 2022 के प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने कई बार उत्तराखंड की टोपी पहनी थी।
पीएम मोदी के उत्तराखंड टोपी पहनने के बाद इस टोपी ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। इस मौके पर सीएम धामी ने भी अपने ससुर से आशीर्वाद लिया। सीएम से मिलने के बाद चड्ढा अपनी पुत्री गीता से मिले और उन्हें भी आशीर्वाद दिया।

