उत्तराखंड में गैंगस्टर विक्रम शर्मा के शूटरों की पहचान, हरिद्वार के होटल की फुटेज वायरल….…..
देहरादून: देहरादून में कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले में शामिल शूटरों की पहचान कर ली गई है और उनके ठिकानों को लेकर भी अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच में सामने आया है कि वारदात पूरी तरह सुनियोजित थी और हमलावर कई दिन से रेकी कर रहे थे।
झारखंड से फ्लाइट, हरिद्वार से किराए के वाहन
पुलिस जांच के अनुसार, दोनों शूटर झारखंड से फ्लाइट के जरिए देहरादून पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने हरिद्वार से बाइक और स्कूटी किराए पर ली। गुरुवार को बाइक और शुक्रवार तड़के करीब चार बजे स्कूटी किराए पर ली गई थी।
स्कूटी आकाश नाम से झारखंड का पता लिखवाकर ली गई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि दोनों वाहनों के लिए एक ही पहचान पत्र (आधार कार्ड) जमा कराया गया था। वाहन हरिद्वार रेलवे स्टेशन के सामने स्थित एक दुकान से एक दिन के लिए किराए पर लिए गए थे।
जमशेदपुर के वागबेड़ा के रहने वाले शूटर
पुलिस के मुताबिक, दोनों शूटर जमशेदपुर के वागबेड़ा इलाके के निवासी हैं। इनके नाम आकाश और आशुतोष बताए जा रहे हैं। दोनों के खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी के लिए फायरिंग और अन्य गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। शुक्रवार को देहरादून पुलिस की टीम हरिद्वार पहुंची और वाहन किराए पर देने वाले लोगों से पूछताछ कर महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं।
सिल्वर सिटी के पास दिनदहाड़े की थी हत्या
घटना शुक्रवार सुबह की है। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी मॉल के पास जिम से बाहर निकलते समय बदमाशों ने विक्रम शर्मा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल होने के बावजूद हमलावरों ने उन्हें संभलने का मौका नहीं दिया और मौके से फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि आरोपित पहले से इलाके की रेकी कर रहे थे और सही मौके का इंतजार कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीसीटीवी फुटेज और होटल एंट्री रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस की टीमें लगातार छानबीन में जुटी हैं।

