उत्तराखंड में रुड़की से रेल सफर हुआ मुश्किल, 24 अप्रैल से पहले कंफर्म टिकट के लिए मारामारी…….

हरिद्वार: रुड़की में 24 अप्रैल से गुजरने वाली दस से अधिक जोड़ी ट्रेनों में आरक्षित सीट पर कंफर्म सफर कर पाना मुश्किल हो गया है, जिससे लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तराखंड के रुड़की में 24 अप्रैल से पहले रेल यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है. रुड़की रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली दस से अधिक जोड़ी ट्रेनों में आरक्षित सीट पर कंफर्म सफर कर पाना मुश्किल हो गया है. त्योहार और राष्ट्रीय अवकाश के चलते ट्रेनों में सीटों को लेकर मारामारी की स्थिति भी बनी हुई है.

कुछ ट्रेनों में वेटिंग 150 के पार, तो कुछ ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति
इन त्योहारों के दिनों में शहर से गुजरने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की संख्या अचानक बढ़ने से वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी होती जा रही है. भारतीय रेल के अनुसार कई ट्रेनों में वेटिंग 150 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ ट्रेनों में नो-रूम की स्थिति बन गई है।

इन ट्रेनों में योग एक्सप्रेस, हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस और हेमकुंड एक्सप्रेस जैसी ट्रेन शामिल हैं , जिनमें कंफर्म टिकट मिलना बेहद कठिन हो गया है. अलवर, जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, बांद्रा, सूरत, वडोदरा, गोधरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, पठानकोट, लखनऊ, बक्सर, पटना, हावड़ा, गोरखपुर और मुंबई जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

होली के लिए स्पेशल ट्रेनों का किया जा रहा संचालन
यात्रियों का कहना है कि शादी-ब्याह, जरूरी काम और त्योहारों में शामिल होने के लिए यात्रा करना आवश्यक है, लेकिन टिकट कंफर्म न होने से चिंता बढ़ गई है. रुड़की निवासी अमित कुमार ने बताया कि 20 दिन पहले टिकट बुक कराने के बावजूद अब तक वेटिंग में है, जिससे परिवार के साथ सफर को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. वहीं, तत्काल टिकट में भी लंबी वेटिंग के कारण उम्मीद कम नजर आ रही है।

मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राजू ने बताया कि त्योहार और अवकाश के कारण यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है. हालांकि होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे कुछ राहत मिलने की उम्मीद है. उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अप्रैल से पहले रुड़की से कंफर्म टिकट मिलना फिलहाल बेहद मुश्किल है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *