उत्तराखंड की राजधानी के राजपुर क्षेत्र में पुलिस-मुठभेड़, ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड से जुड़े दो आरोपी गिरफ्तार………

देहरादून: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में शामिल संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों का पीछा किया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र में एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरे बदमाश ने भागने के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

घायल बदमाश को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।

एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल जाकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी ली और अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:-
मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22 वर्ष), निवासी अंबा बिहार, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) – घायल

शांतनु त्यागी (21 वर्ष), निवासी माढकी, थाना बेहट, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश)

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ब्रिगेडियर मुकेश हत्याकांड में संदिग्ध भूमिका में थे। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *