उत्तराखंड में अब बदल रहा मौसम का मिजाज, पहाड़ों में बारिश के आसार……..
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। लंबे समय से जारी शुष्क मौसम के बीच तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी महसूस की जाने लगी है।
शुक्रवार को सुबह से तेज धूप खिलने के कारण दिन में तपिश बढ़ी, जबकि दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल भी मंडराने लगे। मौसम विभाग के अनुसार, आज पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा हो सकती है।
देहरादून समेत प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में लगातार शुष्क मौसम और तेज धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जिससे गर्मी का एहसास बढ़ गया है।
इसके साथ न्यूनतम तापमान में भी पांच डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने से सुबह-शाम ठंड लगभग समाप्त हो चुकी है।
शुक्रवार को भी सुबह से तेज धूप खिली रही, हालांकि दोपहर बाद आसमान में आंशिक बादल मंडराने लगे और हल्की हवाएं भी चलने लगी। जिससे देर रात तक वर्षा के आसार बने रहे।
ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड के हिमालयी क्षेत्र में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज प्रदेश के उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा होने के साथ गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
इन जिलों में चार हजार मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी हो सकती है।
हालांकि, प्रदेश के अन्य जनपदों में मौसम के शुष्क बने रहने का पूर्वानुमान है। देहरादून समेत आसपास के मैदानी क्षेत्रों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान
शहर, अधिकतम, न्यूनतम
देहरादून, 30.1, 16.1
ऊधमसिंह नगर, 30.3, 15.0
मुक्तेश्वर, 18.9, 9.9
नई टिहरी, 21.5, 10.1

