उत्तराखंड में अब गैरसैंण पर बजेगा बजट का बिगुल, 11 मार्च को धामी पेश करेंगे बजट……
देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने वर्ष 2026 के विधानसभा बजट सत्र की तिथियों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव धनंजय चतुर्वेदी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, सत्र 9 मार्च से 13 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 11 मार्च को वित्त मंत्री के रूप में आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे।
यह सत्र उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होगा। प्रमुख सचिव ने विधानसभा सचिव को पत्र भेजकर आवश्यक प्रशासनिक और विधायी तैयारियां प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी थी कि इस बार अधिवेशन गैरसैंण में ही होगा।
उल्लेखनीय है कि 15 जनवरी 2026 को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में बजट सत्र को लेकर विस्तृत चर्चा हुई थी। उसी बैठक में सत्र की तिथियों और स्थान निर्धारण का अधिकार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को दिया गया था। इसके बाद 21 जनवरी को मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की थी कि अधिवेशन भराड़ीसैंण में आयोजित किया जाएगा, हालांकि उस समय तिथियों की घोषणा नहीं की गई थी।
मुख्यमंत्री की सहमति के बाद विभाग की ओर से मंगलवार को औपचारिक पत्र जारी कर 9 से 13 मार्च 2026 तक आय-व्ययक अधिवेशन बुलाए जाने की जानकारी दी गई। साथ ही विधानसभा सचिवालय से अनुरोध किया गया है कि सत्र से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। विभिन्न विभागों ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। वित्त विभाग ने पहले ही सभी विभागों से प्रस्ताव आमंत्रित किए थे और वर्तमान में उन पर विभागवार विचार-विमर्श जारी है।
पिछले वर्ष 2025 में भी सरकार ने बजट सत्र गैरसैंण में कराने का निर्णय लिया था, किंतु भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में रखरखाव कार्य चलने के कारण सत्र देहरादून में आयोजित करना पड़ा था। अब भवन का मेंटेनेंस कार्य पूर्ण हो चुका है और सरकार ने इस वर्ष पुनः गैरसैंण में ही अधिवेशन कराने की तैयारी सुनिश्चित कर ली है।
कार्यक्रम के अनुसार, 9 मार्च को सत्र का शुभारंभ राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) के अभिभाषण से होगा। 10 मार्च को राज्यपाल के संबोधन पर चर्चा प्रस्तावित है। इसके बाद 11 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वित्त मंत्री के रूप में वर्ष 2026-27 का बजट सदन के पटल पर रखेंगे। बजट सत्र को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में गतिविधियां तेज हो गई हैं।

