अब बॉर्डर जाम से आज़ादी, दिल्ली-एनसीआर को मिल रही है डबल ट्रैफिक राहत…….
दिल्ली: होली के बाद राजधानी और एनसीआर के बीच सफर करने वालों को बड़ी सहूलियत मिलने जा रही है। केंद्र सरकार के सड़क परिवहन मंत्रालय ने दिल्ली को आसपास के शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए दो अहम एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट तैयार कर लिए हैं। इनके शुरू होते ही रोज़ाना जाम में फंसने वाले लाखों यात्रियों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे।
दिल्ली आने-जाने वाले कामकाजी लोगों को अब तक भारी ट्रैफिक के कारण घर से अतिरिक्त समय निकालना पड़ता था। एनसीआर के शहरों की ओर जाने पर कई बॉर्डर पॉइंट्स पर लंबा जाम आम बात रही है। इससे छोटी दूरी का सफर भी कई बार घंटों में पूरा होता था। अब यह स्थिति बदलने वाली है।
डीएनडी से सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक कनेक्टिविटी
फरीदाबाद और नोएडा की दिशा में जाने वाले वाहन चालकों को डीएनडी के माध्यम से Delhi-Mumbai Expressway से जोड़ने वाला 59 किलोमीटर लंबा लिंक रोड लगभग बनकर तैयार है। इसके चालू होने के बाद दिल्ली से फरीदाबाद और पलवल तक की दूरी महज 25 से 30 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
इससे पहले बल्लभगढ़ से सोहना के बीच 26 किलोमीटर हिस्से पर यातायात शुरू किया जा चुका है। नया लिंक रोड न केवल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे तक सीधी पहुंच देगा, बल्कि दक्षिणी एनसीआर के शहरों तक आवागमन को भी तेज और सुगम बनाएगा।
लोनी और गाजियाबाद के लिए नई राह
फिलहाल गाजियाबाद जाने के लिए Delhi-Meerut Expressway उपलब्ध है, लेकिन लोनी क्षेत्र के लिए सीधी हाईवे सुविधा नहीं होने से लोगों को शिव विहार या भोपुरा बॉर्डर के रास्ते जाना पड़ता है, जिससे यात्रा समय बढ़ जाता है।
इस समस्या का समाधान 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे Delhi-Dehradun Expressway से होगा। छह लेन वाला यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर शास्त्री पार्क, खजूरी खास, मंडोला (बागपत), खेकड़ा में ईपीई इंटरचेंज, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाएगा।
मंत्रालय के अनुसार निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और होली के बाद इसके संचालन की तैयारी है। संभावना है कि इसका उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा।
इन दोनों परियोजनाओं के शुरू होने से दिल्ली और एनसीआर के बीच ट्रैफिक दबाव कम होगा, यात्रा समय घटेगा और रोज़मर्रा की आवाजाही पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक बन सकेगी।

