उत्तराखंड में यहाँ एक ही शाम में कई हादसे। तेज रफ्तार और लापरवाही से मचा हड़कंप…….

नैनीताल: नैनीताल में बुधवार की शाम हादसों से भरी रही, जहां अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया। तेज रफ्तार, लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी के चलते कई लोग घायल हो गए, जिनमें एक व्यापारी का पैर टूट गया।

नाबालिग स्कूटी सवारों ने व्यापारी को मारी टक्कर
मल्लीताल स्थित पालिका बाजार में कैंडल की दुकान लगाने वाले जगदीश चंद्र तिवाड़ी अपने घर लौट रहे थे।

जैसे ही वह मोहन-को चौराहे के पास पहुंचे, रॉयल होटल की ओर से आ रहे तीन नाबालिग स्कूटी सवारों ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी,हादसे में उनका पैर बुरी तरह टूट गया।

घायल व्यापारी को तुरंत BD Pandey Hospital में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

कार ने स्कूटी सवार छात्रों को मारी टक्कर
तल्लीताल निवासी पार्थ साह अपने साथी के साथ हनुमानगढ़ी जा रहे थे।

इसी दौरान एक बोलेरो कार ने बैक करते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी,दोनों घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में इलाज दिया गया।

रफ्तार के चक्कर में युवक फिसला
एक अन्य घटना में जू रोड निवासी 22 वर्षीय अनस की स्कूटी मॉल रोड पर फिसल गई।

तेज रफ्तार के कारण संतुलन बिगड़ा और युवक घायल हो गया, हालांकि उसने किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया।

टैक्सी बाइक हादसे में छात्रा घायल
मंगलवार को भी एक बड़ा हादसा सामने आया था। डीएसबी कॉलेज की छात्रा नमीरा को लेकर जा रहा टैक्सी बाइक चालक मार्शल कॉटेज के पास गिर पड़ा, हादसे में छात्रा के चेहरे पर कई चोटें आईं।

पहले भी हो चुके हैं गंभीर हादसे
19 मार्च को भाजपा मंडलाध्यक्ष नितिन कार्की को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी थी,हादसे में उनकी नाक और गाल की हड्डी टूट गई थी।

लोगों में डर, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
नैनीताल, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर सहित पूरे जिले में तेज रफ्तार युवाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस,आरटीओ विभाग और जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसे हादसों पर लगाम लगाई जा सके।

नैनीताल में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे साफ संकेत देते हैं कि तेज रफ्तार और लापरवाही अब जानलेवा बनती जा रही है। समय रहते सख्त नियम और जागरूकता ही इन हादसों को रोक सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *