उत्तराखंड के चर्चित यूट्यूबर और Bigg Boss 17 फेम अनुराग डोभाल का LIVE हादसा, मेरठ हाईवे पर कार क्रैश……..

देहरादून: देहरादून के चर्चित यूट्यूबर और Bigg Boss 17 में नजर आ चुके अनुराग डोभाल (UK07 राइडर) से जुड़ी एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शनिवार शाम करीब 7 बजे उन्होंने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर मेरठ हाईवे पर कार चलाते हुए आत्महत्या जैसा कदम उठाने की कोशिश की। लाइव वीडियो के दौरान उन्होंने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए डिवाइडर में टक्कर मार दी।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय अनुराग लगभग आधे घंटे से इंस्टाग्राम पर लाइव थे और इस दौरान वे काफी भावुक दिखाई दे रहे थे। लाइव के दौरान उन्होंने अपनी परेशानियों के बारे में बात की और खुद को थप्पड़ मारते हुए भी नजर आए। इसी बीच उन्होंने कहा, “Let’s go for the final drive” और कार की रफ्तार तेज कर दी।

वीडियो में देखा गया कि उन्होंने कार में एक अंग्रेजी गाना चलाया और तेज गति से वाहन चलाना शुरू कर दिया। कुछ ही पलों में गाड़ी की स्पीड करीब 144 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। इसके बाद उन्होंने अचानक स्टीयरिंग घुमाया, जिससे गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद इंस्टाग्राम लाइव बंद हो गया।

LIVE में मां को किया भावुक संदेश-
लाइव वीडियो के दौरान अनुराग बेहद भावुक होकर अपनी मां को संबोधित करते हुए कहते सुनाई दिए, “मम्मी… अगर अगली बार जन्म लूं तो बस प्यार दे देना… बहुत जरूरत थी प्यार की। अब किसी को फोन करने के लिए भी कोई नहीं बचा।” इसके बाद उन्होंने अपनी कार तेज रफ्तार में दौड़ाते हुए “फाइनल ड्राइव” की बात कही।

दूसरा वीडियो सामने आया-
घटना के बाद एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इस वीडियो में अनुराग डोभाल की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। साथ ही लोग उन्हें कार से बाहर निकालते हुए भी नजर आ रहे हैं। पीली टी-शर्ट पहने अनुराग सड़क पर लेटे हुए दर्द में कराहते दिखाई देते हैं और आसपास मौजूद लोग उनकी मदद करते दिखते हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उनके शरीर के किन-किन हिस्सों में चोट लगी है। फिलहाल उन्हें मेरठ के शुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

चार दिन पहले साझा किया था भावुक वीडियो-
इस घटना से कुछ दिन पहले, 4 मार्च को अनुराग डोभाल ने अपने यूट्यूब चैनल पर करीब दो घंटे का एक वीडियो जारी किया था। इस वीडियो में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर खुलकर बात की थी।

वीडियो में उन्होंने परिवार के साथ चल रहे विवाद, वैवाहिक जीवन की परेशानियां, घर छोड़ने की स्थिति, आर्थिक चुनौतियों और मानसिक तनाव का जिक्र किया था। बातचीत के दौरान वह कई बार भावुक भी हुए और रोते हुए नजर आए।

उन्होंने यह भी कहा था कि पिछले कुछ वर्षों में उनकी जिंदगी में कई बड़े बदलाव आए हैं और हालात ऐसे बन गए कि उन्हें अपनी पूरी कहानी सार्वजनिक करनी पड़ी। वीडियो में उन्होंने परिवार से हुई बातचीत और कॉल रिकॉर्डिंग भी साझा की थी और बताया था कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव से गुजर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *