उत्तराखंड में भी बिहार की तरह महिलाओं के खाते में आ सकता है पैसा, बड़ी योजना की तैयारी में सरकार……..

देहरादून: तो क्या उत्तराखंड की महिलाओं को भी बड़ी सौगात मिलने वाली है? उत्तराखंड में सरकार बिहार की मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना जैसी स्कीम लाने की तैयारी में है। इसका मतलब हुआ कि राज्य की महिलाओं के खाते में भी पैसा आएगा।

बिहार में गेमचेंजर साबित हुई मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की तर्ज पर उत्तराखंड में भी महिलाओं को बड़ी सौगात मिल सकती है। साथ ही युवाओं के लिए भी बड़ा ऐलान किया जा सकता है। बिहार में महिला रोजगार योजना के अंतर्गत 1.5 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए 10-10 हजार रुपये की शुरुआती मदद दी गई थी। साथ ही 6 महीने के बाद काम बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद की बात कही थी।

इसी तरह युवाओं को बड़ी कंपनियों में इंटर्नशिप के लिए मुख्यमंत्री प्रतिज्ञा योजना की शुरुआत की गई थी। इस योजना के तहत युवाओं को हर महीने 6000 रुपये तक Stipend दिए जा रहे हैं। अब जानकारी मिली है कि उत्तराखंड में भी महिलाओं और युवाओं के लिए Direct Benefit Scheme शुरू की जा सकती है। याद रहे कि उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बीजेपी सरकार की ओर से बड़ा ऐलान किया जा सकता है।

मिले ये संकेत
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने इस संबंध में संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य की बजट व्यवस्था और जरूरतों के आधार पर प्रत्यक्ष लाभ योजना की दिशा में जल्द अहम फैसला ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। इसके अलावा महिला सहायता समूहों को बिना ब्याज लोन दिया जा रहा है। राज्य की प्रगति में महिलाओं का योगदान काफी अहम है। इस योगदान को बढ़ाने के लिए नई पहल की जाएंगी।

केंद्र सरकार से चल रही बात
महेंद्र भट्ट ने यह भी जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री की केंद्र सरकार से बात चल रही है ताकि इस तरह की योजनाएं लागू की जा सकें, जिनसे महिलाओं और युवाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत हो। हालांकि कांग्रेस इसे ‘चुनावी रिश्वत’ बता रहा है। साल 2027 की शुरुआत में उत्तराखंड में चुनाव हो सकते हैं। बिहार में एनडीए की जीत में सरकारी योजनाओं की बड़ी भूमिका रही है। नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले एनडीए की जीत में खासतौर से मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का बड़ा हाथ माना जा रहा है।

बीजेपी के अन्य राज्यों में महिलाओं के लिए योजनाएं
यही नहीं बीजेपी शासित अन्य राज्यों में भी महिलाओं के खाते में सीधे पैसा पहुंचाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं। मध्य प्रदेश में लाडकी बहना योजना, महाराष्ट्र में लाडकी बहिण योजना, हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं के खाते में पैसा भेजा जा रहा है। दिल्ली में भी महिलाओं के खाते में 2500 रुपये हर महीने देने का ऐलान किया गया था। इसके लिए बजट भी पास हो गया है। लेकिन अभी तक महिलाओं को पैसों का इंतजार है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *