उत्तराखंड में 4600 ग्रेड पे को लेकर पुलिसकर्मियों के परिजनों ने दिखाया दम, सीएम आवास घेरने पहुँचे , जल्द ले सकती है सरकार फैसला……
देहरादून : उत्तराखंड अधिकारी कार्मिक शिक्षक महासंघ के आह्वान पर रविवार को पुलिस कर्मचारियों को 4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर रैली निकाली गई। यह रैली गांधी पार्क से निकाली गई। इस दौरान हाथीबड़कला बैरियर पर पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोक दिया गया। हाथों में बैनर और तख्ती लेकर लोग इस प्रदर्शन रैली में शामिल हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर उत्तराखंड पुलिस के सिपाहियों के परिजनों ने पहले गांधी पार्क पर धरना दिया इसे बाद सीएम आवास कूच किया।
कूच में करीब 200 परिजन शामिल हुए। सभी को हाथी बड़कला बैरियर पर पुलिस ने रोक लिया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। बैरियर पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों से वार्ता करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पीए राजेश सेठी पहुंचे। महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष दीपक जोशी ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों को एसीपी के रूप में 4600 ग्रेड पे की मांग को लेकर पुलिस कार्मिकों के परिजनों के साथ यह रैली निकाली गई। जिसमें महासंघ से जुड़े सभी कर्मचारी संघों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।
वहीं पुलिस भर्ती में उम्र की सीमा को बढ़ाने की मांग को लेकर देवभूमि बेरोजगार संगठन के सदस्यों ने भी आज गांधी पार्क के समक्ष प्रदर्शन किया।पुलिस सिपाहियों को 4600 ग्रेड पे के मामले में सरकार जल्द ही फैसला ले सकती है। मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस मुख्यालय में इसके संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि सिपाहियों के इस बड़े मुद्दे पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि कैबिनेट में जल्द इस पर कोई न कोई निर्णय हो सकता है। उन्होंने पुलिस विभाग में जल्द ही खेल कोटे से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही थी। साथ ही कहा था कि लंबित पुलिस भर्ती को जल्द शुरू कर दिया जाएगा।