उत्तराखंड में कोरी ठंड का कहर, विजिबिलिटी जीरो, बारिश-बर्फबारी पर IMD का अपडेट आया………

देहरादून: उत्तराखंड में कोरी ठंड पड़ रही है। सुबह-शाम घुप कोहरे से विजिबिलिटी जीरो है। मौसम विभाग ने बारिश और बर्फबारी पर लेटेस्ट अपडेट दिया है।

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। हिमालयी राज्य उत्तराखंड में कोरी ठंड का कहर है। सुबह-शाम विजिबिलिटी शून्य के करीब है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश या बर्फबारी की संभावना से इनकार किया है। घुप कोहरे से जन-जीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह के कुछ घंटे सतर्क रहने की सलाह दी है।

आईएमडी के मुताबिक हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, देहरादून और पौड़ी जिलों के मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वाहन चालकों को कम गति में चलने और फॉग लाइट के इस्तेमाल की सलाह दी गई है।

देहरादून में मौसम
राजधानी देहरादून की बात करें तो सोमवार को यहां आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। दिन में हल्की धूप से ठंड से कुछ राहत मिल सकती है, लेकिन सुबह-शाम ठंड का असर बना रहेगा।

ऊंचाई वाले इलाकों में अलर्ट
पर्वतीय जिलों में मौसम शुष्क रहने के साथ ठंडी हवाओं का असर जारी रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड बढ़ेगी। हालांकि बर्फबारी या वर्षा को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे राहत की स्थिति बनी हुई है।

कोरी ठंड का कहर
मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में प्रदेश में मौसम का यह रुख लगभग ऐसा ही बना रह सकता है। कोहरे और ठंड को देखते हुए बुजुर्गों, बच्चों और सुबह जल्दी बाहर निकलने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। IMD लगातार मौसम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी बदलाव की स्थिति में अपडेट जारी किया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *