उत्तराखंड में यहाँ हूटर बजाता घूम रहा था ‘VIP’ स्टाइल में युवक, काली स्कॉर्पियो सीज……..

हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में शारदीय कांवड़ मेले के मद्देनज़र पुलिस की सख्त निगरानी के बीच एक युवक को नियमों की अनदेखी महंगी पड़ गई। सिडकुल क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक मॉडिफाइड काली स्कॉर्पियो को रोका, जिसमें हूटर, ब्लैक फिल्म और पुलिस की लाल-नीली बत्ती लगी हुई पाई गई। वाहन में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट भी मौजूद नहीं थी।

जानकारी के अनुसार, बीती देर रात सिडकुल थाना क्षेत्र में पुलिस टीम विशेष चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दूर से हूटर बजाती हुई एक स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। संदेह होने पर वाहन को रोका गया और जांच की गई। जांच में सामने आया कि गाड़ी में अवैध रूप से हूटर और लाल-नीली बत्ती लगाई गई थी, साथ ही शीशों पर काली फिल्म चढ़ी हुई थी।

वाहन में सवार युवक की पहचान अमन चौधरी के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि वह सड़क पर हूटर बजाते हुए आवागमन कर रहा था। पूछताछ के दौरान युवक ने यह कहते हुए रौब दिखाने की कोशिश की कि उसके पिता पुलिस विभाग में कार्यरत हैं। हालांकि पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए युवक को फटकार लगाई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वाहन को सीज कर दिया।

सिडकुल थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर कांवड़ मेले के चलते जिलेभर में सघन चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में एक वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी वाहन में हूटर, ब्लैक फिल्म और लाल-नीली बत्ती का उपयोग कानूनन अपराध है। संबंधित वाहन के खिलाफ एमवी एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई है।

उल्लेखनीय है कि कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी करते पाए जा रहे हैं, जिनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *