उत्तराखंड के इस जिले में आज महसूस हुए भूकंप के झटके………

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार यह भूकंप सुबह 11 बजकर 47 मिनट पर आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.7 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र कपकोट तहसील के कर्मी गांव के पास जमीन के भीतर लगभग 10 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।

जनजीवन सामान्य, नहीं हुआ कोई नुकसान
झटके हल्के होने के कारण जिले में जनजीवन पूरी तरह सामान्य रहा। अधिकतर लोगों को भूकंप का अहसास तक नहीं हुआ और कहीं भी अफरा-तफरी की स्थिति नहीं बनी। जिला मुख्यालय के साथ-साथ गरुड़, कपकोट और कांडा क्षेत्रों में भी स्थिति सामान्य रही।

आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट मोड पर
भूकंप की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सक्रिय हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों और तहसील मुख्यालयों से संपर्क किया गया।उन्होंने स्पष्ट किया कि कहीं से भी जान-माल के नुकसान या किसी प्रकार की दरार की सूचना नहीं मिली है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भले ही झटके हल्के थे, लेकिन भविष्य के लिए सतर्क रहना जरूरी है और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *