पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक; उत्तराखंड के इन जिलों में 2 दिन होगी बारिश…….
देहरादून: मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी हिमालय पर एक पश्चिमी विक्षोभ दस्तक देने वाला है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने जल्द ही पश्चिमी हिमालय पर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के दस्तक देने की संभावना जताई है। IMD की मानें तो 21 अक्टूबर से एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय पर दस्तक देगा। इसकी वजह से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ जिलों में मौसम खराब होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के कुछ जिलों में गरज चमक और तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी दी है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तराखंड के किसी हिस्से में बारिश का अनुमान नहीं है। मौसम विभाग ने 21 अक्टूबर को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में उक्त पश्चिमी विक्षोभ का असर नजर आएगा। उत्तराखंड के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने 22 अक्टूबर को उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में अलग-अलग स्थानों पर गरज चमक के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश की संभावना जताई है। ऊंची चोटियों पर बर्फ भी पड़ सकती है। उत्तराखंड के बाकी जिलों और मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 21 अक्टूबर ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 22 और 23 अक्टूबर को हिमाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई है। खासतौर पर चंबा, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर जिलों में 21 अक्टूबर को मौसम ज्यादा खराब रहेगा। इस दिन इन जिलों में गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।