उत्तराखंड की राजधानी में फल की ठेली से उठा विवाद, बुजुर्ग महिला से मारपीट के बाद माहौल गरम……..

देहरादून: नगर कोतवाली क्षेत्र के गांधी ग्राम इलाके में बुधवार शाम फल खरीदने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक बढ़ गया और दो पक्षों के बीच तीखी बहस के बाद झगड़े की स्थिति बन गई। घटना के दौरान एक बुजुर्ग महिला फल विक्रेता के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और हाथापाई की बात भी सामने आई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मिली जानकारी के अनुसार कुछ युवक शाम के समय एक फल की ठेली से फल खरीदकर ले गए थे। बाद में उनमें से कुछ फल खराब निकलने पर वे उन्हें वापस करने के लिए दोबारा ठेली पर पहुंचे। इसी बात को लेकर फल बेच रही बुजुर्ग महिला और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ गाली-गलौज की और बाद में धक्का-मुक्की भी की।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। चूंकि विवाद में शामिल दोनों पक्ष अलग-अलग समुदाय से बताए जा रहे हैं, इसलिए कुछ ही देर में दोनों समुदायों के लोग बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलने पर लक्ष्मण चौक चौकी और नगर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया और भीड़ को हटाकर हालात को नियंत्रण में लिया।

इस संबंध में स्वप्निल मोयल , सीओ सिटी ने बताया कि बुधवार शाम लक्ष्मण चौक चौकी को गांधी ग्राम क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *