उत्तराखंड में ईमेल से दहशत की साजिश, दो जिलों की अदालतें हाई अलर्ट पर………

देहरादून: सोमवार को उत्तराखंड के कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क ही थीं कि नैनीताल जिला एवं सत्र न्यायालय को दोबारा विस्फोट की चेतावनी भेज दी गई। पहली धमकी की जांच औपचारिक रूप से शुरू भी नहीं हो पाई थी कि मंगलवार सुबह 7:11 बजे जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर एक और संदेश पहुंच गया, जिससे न्यायालय परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।

ताज़ा ईमेल में दावा किया गया कि परिसर में ह्यूमन बम और आरडीएक्स से तैयार विस्फोटक पहले से लगाए जा चुके हैं और सुबह 11:15 बजे धमाका होगा। संदेश में अदालत को तत्काल खाली करने की चेतावनी भी दी गई। हमले की जिम्मेदारी कथित तौर पर तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम और पाकिस्तान की आईएसआई के नाम से लिखी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। जज चैंबर, अधिवक्ता कक्ष, पार्किंग स्थल और अन्य सार्वजनिक स्थानों की गहन तलाशी ली गई। एहतियात के तौर पर सुरक्षा घेरा बढ़ाया गया। एसपी जगदीश चंद्र ने बताया कि विस्तृत जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

इससे एक दिन पहले भी जिला जज के आधिकारिक ईमेल पर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी मिली थी। उस दौरान आधे दिन तक न्यायिक कार्य प्रभावित रहा और अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इधर, टिहरी गढ़वाल के नई टिहरी स्थित जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भी बम प्लांट करने का संदेश मिला। सूचना के बाद पुलिस और एलआईयू की टीम ने परिसर की सघन जांच की, लेकिन वहां भी कोई विस्फोटक नहीं मिला। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *