उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा तट पर बनेगा नया प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन, होगा समुद्री बीच जैसा एहसास……….
ऋषिकेश: भव्य गंगा आरती के लिए देश-दुनिया में विख्यात स्वर्गाश्रम (पौड़ी) को जल्द प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में जाना जाएगा। इसके लिए नगर पंचायत स्वर्गाश्रम (पौड़ी) ने नैसर्गिक सौंदर्य से संपन्न गंगा तट को प्री-वेडिंग पाइंट के रूप में विकसित करने की खास पहल की है। इस स्थल पर देशी-विदेशी पर्यटकों को प्री-वेडिंग शूट के लिए प्रेरित किया जाएगा। प्री-वेडिंग शूटिंग के माध्यम से उत्तराखंड के नैसर्गिक सौंदर्य व स्थानीय संस्कृति का देश-विदेश में प्रचार-प्रसार करने की भी योजना है।
दरअसल, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम (पौड़ी) की पिछली बोर्ड बैठक में निकाय अध्यक्ष व सदस्य सभासदों ने सर्वसम्मति से निकाय क्षेत्र में पर्यटन को प्रोत्साहन देने को प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने का प्रस्ताव पारित किया था। इस कड़ी में अब नगर पंचायत ने प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए स्थान का चयन कर लिया है।
स्वर्गाश्रम के वार्ड नंबर-तीन में शिव-गंगा तट को प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के लिए उपयुक्त स्थान माना गया है। यहां गंगा किनारे रेतीले तट समुद्री बीच जैसा अनुभव कराते हैं। इन रेतीले बीच पर समय बिताना देशी व विदेशी पर्यटकों को बेहद भाता है। नगर पंचायत द्वारा यहां प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन विकसित करने की दिशा में जल्द विकास कार्य किए जाएंगे।
मूल स्वरूप से नहीं होगी छेड़छाड़
नगर पंचायत स्वर्गाश्रम के अधिशासी अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के विकास में किसी तरह का निर्माण कार्य नहीं किया जाएगा। गंगा तट के मूल स्वरूप को बनाए रखकर अस्थायी रूप में डेकोरेशन होगी। प्री-वेडिंग शूट में स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण को लेकर सख्त नियम लागू किए जाएंगे। पर्यावरण की रक्षा व गंगा के प्रति आस्था को लेकर किसी तरह की अनदेखी होने नहीं दी जाएगी।
सेल्फी में दिखेगी लोक संस्कृति की झलक
सभासद जितेंद्र सिंह धाकड़ के अनुसार, प्री-वेडिंग पाइंट के समीप सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किया जाएगा, जिसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़े चित्र व पहचान मौजूद रहेंगी। इनके साथ पर्यटक सेल्फी ले सकेंगे। सेल्फी के साथ पर्यटक उत्तराखंड से जुड़ी यादें भी साथ ले जाएंगे।
‘स्वर्गाश्रम देश-विदेश के पर्यटकों का सबसे पसंदीदा स्थल है। यहां गंगा तट पर योग व ध्यान साधना करने पर विशेष शांति की अनुभूति होती है। यहां की परमार्थ निकेतन की भव्य गंगा आरती देश-विदेश में खासी विख्यात है। ऐसे में नगर पंचायत का प्रयास है कि स्वर्गाश्रम को प्री-वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचान दिलाई जा सके। प्री-वेडिंग शूट के माध्यम से स्वर्गाश्रम की प्राकृतिक सुंदरता को देशभर में प्रचारित-प्रसारित किया जा सकेगा। शूटिंग कराने वाले पर्यटकों को उत्तराखंड की लोक संस्कृति से जुड़ी विशेष स्मृति भी भेंट की जाएंगी। :बिंदिया अग्रवाल, अध्यक्ष, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम-जौंक (पौड़ी)’

