उत्तराखंड में दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर बन रहा 900 मीटर लंबा फ्लाईओवर, हरिद्वार में जाम से मिलेगी राहत………
हरिद्वार: दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर एनएचएआइ ने बहादराबाद बाइपास तिराहे पर करीब 900 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण शुरू करा दिया है। इससे हाईवे पर सफर सुगम होगा और हादसों पर भी अंकुश लगेगा। तिराहे पर स्थित रेड लाइट पर बिना रूके वाहनों का आवागमन हो सकेगा।
दिल्ली-हरिद्वार पर वाहनों की आवाजाही काफी बढ़ गई है। इसी मार्ग से अब लोग देहरादून और ऋषिकेश भी जाने लगे हैं। ऐसे में हाईवे स्थित बड़े तिराहों पर वाहनों की क्रासिंग के चलते सुगम सफर में व्यवधान होता है। बहादराबाद बाइपास तिराहे पर भी कई बार जाम लग जाता था। इससे वाहन चालकों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता था। यहां हादसों की आशंका भी रहती थी।
इसके चलते काफी समय से यहां फ्लाईओवर के निर्माण की मांग उठ रही थी। अब करीब 900 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण शुरू हो गया है। एनएचएआइ के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा ने बताया कि पाइल टेस्ट के बाद यहां रेड लाइट पर पिलर का निर्माण शुरु करा दिया गया है। प्रयास है कि अर्धकुंभ से पहले फ्लाईओवर का निर्माण पूरा करा दिया जाए।
सीतापुर बाइपास फ्लाईओवर का हो रहा विस्तार
हाइवे पर सीतापुर बाइपास फ्लाईओवर का विस्तार कार्य चल रहा है। यह फ्लाईओवर उत्तराखंड संस्कृत अकादमी तक बढ़ाया जाएगा। अभी हरिलोक तिराहा रेड लाइट पर वाहनों को रूककर चलना पड़ता था। फ्लाईओवर का विस्तार होने से वाहन बिना रूके फर्राटा भरेंगे।
मंगलौर-देवबंद मार्ग तिराहे पर कार्य तेज
मंगलौर-देवबंद तिराहे पर भी एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेज गति से चल रहा है। यहां पिलरों का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है। निर्माण एजेंसी ने पिलरों पर वाइडक्ट रखने के लिए सपोर्ट का निर्माण शुरु करा दिया है।
यह काम भी अर्धकुंभ से पहले पूरा कराने का प्रयास एनएचएआइ का है। एलिवेटेड रोड बनने के बाद वाहन बिना रूके मंगलौर और देवबंद की तरफ जा सकेंगे। इस तिराहे पर भी अक्सर जाम लगा रहता था। हादसों की आशंका भी बनी रहती थी। एलिवेटेड रोड बनने से दोनों समस्याएं खत्म हो जाएंगी।
निर्माण कार्य के दौरान जाम से होगी परेशानी
हाईवे पर इन तीनों जगह निर्माण कार्यों के चलते वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हरिलोक तिराहे पर ज्वालापुर की ओर जाने वाला मार्ग वाहनों के लिए काफी समय से बंद है। इससे हाईवे से ज्वालापुर जाने वाले वाहन चालकों को लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। बहादराबाद तिराहे पर सड़क संकरी होने की वजह से यहां भी जाम की समस्या हो सकती है।

