उत्तराखंड में मुख्यमंत्री ने अपनाया सख्त रुख, स्वास्थ्य सचिव समेत डीएम और एसएसपी ने संभाला मोर्चा, सहरानपुर में मुख्य आपूर्तिकर्ता प्रतिष्ठान समेत 22 दुकानों को किया गया सील, एफआईआर दर्ज……..
देहरादून: जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों का हाल जानने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, साथ में जिलाधिकारी सविन बंसल और एसएसपी अजय सिंह।
कुट्टू के आटे से बने व्यंजनों के सेवन के बाद दून में 200 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए। फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर देहरदून के तमाम इलाकों से लोग बड़ी संख्या में दून अस्पताल, कोरोनेशन, महंत इंदिरेश और आसपास के अस्पतालों में पहुंचने लगे तो स्वास्थ्य विभाग सकते में आ गया। क्योंकि, सभी का स्वास्थ्य कुट्टू के आटे से बने व्यंजनों के खाने से बिगड़ा है।
तत्काल इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को भी दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार भी अस्पताल पहुंचे और भर्ती मरीजों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की गहन जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने भी मोर्चा संभालते हुए जांच-पड़ताल तेज करवाई। पता चला कि दून में कुट्टू के आटे से जो भी लोग बीमार पड़े हैं, उनके घरों में पहुंचे आटे की सप्लाई चेन एक ही है। दून पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि यह आटा सहारनपुर से लाया गया था। जिसे देहरादून के विकासनगर के लक्ष्मी ट्रेडर/शिवपाल चौहान ने खरीदा और अपने शिमला बाईपास रोड स्थित गोदाम में स्टोर किया था। गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील करा दिया गया। साथ ही प्रकरण में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इसके अलावा सहरानपुर प्रशासन से संपर्क कर वहां के प्रतिष्ठान को भी सील किया गया है। साथ ही पुलिस की एक टीम सहारनपुर के लिए भी रवाना हो गई है। दूसरी तरफ लक्ष्मी ट्रेडर से देहरादून के अलग-अलग प्रतिष्ठानों तक पहुंचे कुट्टू के आटे को देखते हुए 02 घंटे के भीतर शहरभर में 22 से अधिक दुकानों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार और जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम सप्लाई चेन से जुड़े प्रतिष्ठानों से सैंपल एकत्रित कर रही है।
अस्पतालों में भर्ती मरीजों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने प्रमुख अधिकारियों की ड्यूटी अस्पतालवार लगा दी है। जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज (दून अस्पताल), उपजिलाधिकारी कुमकुम जोशी को जिला अस्पताल कोरोनेशन और उपजिलाधिकारी हरि गिरि को महंत इंदिरेश अस्पताल का जिम्मा दिया गया है।
तीनों अधिकारी भर्ती मरीजों को समुचित उपचार दिलाएंगे और सभी के डिस्चार्ज होने तक उनकी तैनाती जारी रहेगी। जिलाधिकारी ने कुट्टू के मिलावटी आटे की जानकारी देने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम 112 और जिला आपदा परिचालन केंद्र के 01352626066 नंबर पर कॉल करने की अपील की है।