उत्तराखंड के अब हल्द्वानी में युवती और युवक की पत्थरों से कुचलकर हत्या, गढ़वाल के बाद कुमाऊं दहला……

हल्द्वानी: हल्द्वानी शहर के गल्ला मंडी इलाके में गुरुवार तड़के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गोदामों के पास एक युवक और युवती के शव बरामद हुए। दोनों के सिर और चेहरे को भारी पत्थरों से बुरी तरह कुचला गया था। खून से सने पत्थर घटनास्थल पर ही पड़े मिले, जिससे हत्या की क्रूरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 7:30 बजे डायल 112 पर सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की। प्रारंभिक पहचान के आधार पर मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा, निवासी अल्मोड़ा (तल्ला खोलटा, लोहर माल रोड) और 19 वर्षीय लक्ष्मी, निवासी तल्ली पोखरी, नैनीताल के रूप में की जा रही है। हालांकि दस्तावेजों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है।

घटनास्थल से युवक के पास चंपावत और अल्मोड़ा पते वाले आधार कार्ड मिले हैं। वहीं पास में निरोध, लाइटर और पर्स भी बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है। वहीं एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि दोनों हल्द्वानी में कब से थे, यहां किस उद्देश्य से आए थे और उनकी पृष्ठभूमि क्या रही है। परिवारजनों से संपर्क कर विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
वर्षों बाद हल्द्वानी में डबल मर्डर की इस वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *