बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को हुई जेल, मदद को आगे आए सितारे, जल्द मिल जाएगी रिहाई……..

दिल्ली: राजपाल यादव पर लंबे समय से कर्ज और चेक बाउंस का केस चल रहा था। अदालत के आदेश के बाद एक्टर ने हाल ही में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया। यह मामला करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है, जिसने एक्टर की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया।

बॉलीवुड के जाने माने कॉमेडियन और एक्टर राजपाल यादव मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। अपने कॉमिक अवतार से दर्शकों को खुश करने वाले राजपाल खुद कानूनी और आर्थिक संकट में फंसे हुए हैं. चेक बाउंस और करोड़ों के कर्ज से जुड़े मामले में राजपाल यादव को सरेंडर करना पड़ा। उन्होंने बताया कि उनके पास हर्जाना भरने के लिए पैसे नहीं हैं. उन्हें दिल्ली की तिहाड़ जेल भेज दिया गया है. इस बीच फिल्म इंडस्ट्री से उनके समर्थन में लगातार आवाजें उठ रही हैं।

राजपाल यादव पर लंबे समय से कर्ज और चेक बाउंस का केस चल रहा था. अदालत के आदेश के बाद एक्टर ने हाल ही में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण किया। यह मामला करीब 9 करोड़ रुपये के कर्ज से जुड़ा है, जिसने एक्टर की आर्थिक स्थिति को बुरी तरह प्रभावित किया। असल में राजपाल ने 5 करोड़ रुपये कर्ज लिया था, जो वक्त के साथ ब्याज लगाकर 9 करोड़ रुपये हो गया है. सरेंडर से पहले राजपाल यादव भावुक नजर आए। उन्होंने खुद को अकेला महसूस करने की बात कही थी।

राजपाल यादव की मुश्किलें सामने आते ही इंडस्ट्री के कई बड़े नाम उनके समर्थन में आगे आए हैं. सबसे पहले जनशक्ति जनता दल पार्टी के मुखिया तेज प्रताप यादव ने उनकी मदद का ऐलान किया था. तेज प्रताप ने 11 लाख रुपये राजपाल को देने की बात कही थी. इसके बाद इंडस्ट्री के सितारे भी आगे आए। एक्टर सोनू सूद ने मदद का भरोसा दिलाया और कहा कि यह किसी तरह की दया नहीं है, बल्कि सम्मान के साथ दी जाने वाली मदद है. इसके बाद टीवी एक्टर गुरमीत चौधरी भी सामने ये. उन्होंने भी सोशल मीडिया के जरिए भावुक अपील की और फिल्म इंडस्ट्री से एकजुट होने का आग्रह किया।

गुरमीत चौधरी ने बढ़ाया मदद का हाथ
अब इस लिस्ट में कमाल आर खान यानी केआरके और म्यूजिक प्रोड्यूसर राव इंद्रजीत सिंह का नाम भी जुड़ गया है। केआरके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट शेयर कर ऐलान किया कि वह राजपाल यादव को 10 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के लिए तैयार हैं. उन्होंने बॉलीवुड के अन्य सितारों से भी आगे आने की अपील की। केआरके ने कहा कि अगर सभी मिलकर सहयोग करें, तो राजपाल यादव को जल्द राहत मिल सकती है. उन्होंने अपने मैसेज में ये भी कहा कि अगर एक्टर अपनी देनदारी का एक बड़ा हिस्सा चुका देते हैं, तो उन्हें जेल से बाहर आने में मदद मिल सकती है।

वहीं इंद्रजीत सिंह ने राजपाल यादव को महान कलाकार और सच्चा इंसान बताते हुए एक करोड़ ग्यारह लाख रुपये की मदद देने का ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि ‘ऐसे कठिन और दुखद समय में हम सभी का कर्तव्य बनता है कि हम मानवता के नाते उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हों.’ साथ ही म्यूजिक प्रोड्यूसर ने भारतवासियों से भी विनम्र अपील की कि इस दुख की घड़ी में आगे आकर राजपाल और उनके परिवार को सहारा दें।

क्या है मामला, जानिए
राजपाल यादव ने साल 2010 के आसपास बतौर डायरेक्टर अपना डेब्यू किया था. उन्होंने ‘अता पता लापता’ नाम की एक फिल्म बनाने के लिए दिल्ली की एक कंपनी से लगभग 5 करोड़ रुपये उधार लिये थे. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई, जिसके बाद कर्ज चुकाने में दिक्कतें आने लगीं. समय के साथ ब्याज लगता गया और ये रकम 9 करोड़ रुपये हो गई और मामला अदालत तक पहुंच गया और अंत में चेक बाउंस केस में बदल गया. राजपाल यादव के फैंस सोशल मीडिया पर लगातार उनके समर्थन में पोस्ट कर रहे हैं. यूजर्स यह सवाल उठा रहे हैं कि जिस एक्टर ने सालों तक दर्शकों को हंसाया, आज उसे इस हाल में क्यों देखना पड़ रहा है.

फिलहाल राजपाल यादव दिल्ली के तिहाड़ जेल में हैं. मगर जिस तरह से इंडस्ट्री उनके समर्थन में एकजुट हो रही है, उससे उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में उन्हें राहत मिल सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *