उत्तराखंड में सिल्वर सिटी मॉल शूटआउट: विक्रम शर्मा मर्डर केस में दो आरोपी गिरफ्तार, 6 पर इनाम………

देहरादून: राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुए गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों—अक्षत ठाकुर और राजकुमार—को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है कि दोनों हत्या की साजिश में शामिल थे और वारदात की तैयारी कई महीनों से चल रही थी।

पुलिस के अनुसार, विक्रम शर्मा को निशाना बनाने की योजना काफी पहले तैयार कर ली गई थी। जांच में सामने आया है कि जमशेदपुर और नोएडा में भी उसे मारने की कोशिश की योजना बनाई गई थी, लेकिन हर बार उसके साथ अधिक लोगों की मौजूदगी के कारण आरोपी वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

सूत्रों के मुताबिक, घटना से लगभग तीन महीने पहले साजिश से जुड़े एक आरोपी ने उसी जिम में सदस्यता ली थी, जहां विक्रम शर्मा नियमित रूप से जाता था। इसे रेकी और मूवमेंट पर नजर रखने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

वारदात के दिन कैसे हुआ घटनाक्रम।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना वाले दिन एक आरोपी ने फोन के जरिए अपने साथियों को जानकारी दी कि विक्रम शर्मा जिम में मौजूद है। इसी सूचना के आधार पर हमलावर सक्रिय हुए।

घटना के बाद फरार होने के लिए आरोपियों ने हरिद्वार से एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल किराए पर ली थी, जिनका इस्तेमाल भागने में किया गया।

13 फरवरी को हुई थी हत्या।
13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम से बाहर निकलते समय हमलावरों ने विक्रम शर्मा को गोली मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर कार्रवाई तेज की थी।

इनाम घोषित, छह आरोपी अभी भी फरार-
देहरादून एसएसपी ने फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है. फिलहाल छह आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. फरार व्यक्तियों के नाम इस प्रकार हैं:

अंकित वर्मा, निवासी जमशेदपुर, झारखंड
आशुतोष सिंह, निवासी जमशेदपुर, झारखंड
विशाल सिंह, निवासी जमशेदपुर, झारखंड
आकाश कुमार
यशराज
जितेंद्र
पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *