उत्तराखंड में शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर होगा अल्मोड़ा का क्रीड़ा मैदान……..
अल्मोड़ा: उत्तराखंड सरकार ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), अल्मोड़ा स्थित क्रीड़ा मैदान का नामकरण शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर किया जाएगा।
इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आदेश जारी होने की जानकारी दी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के उद्देश्य से डायट परिसर स्थित क्रीड़ा मैदान का पुनर्निर्माण कराया गया है। अब इस मैदान को शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम से जाना जाएगा।
आतंकवाद विरोधी अभियान में दिया था सर्वोच्च बलिदान
लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी ने 8 जून 2024 को 5 असम रेजिमेंट में कमीशन प्राप्त कर सैन्य अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। जम्मू-कश्मीर में तैनाती के दौरान 6 जून 2026 को राजौरी में आतंकवाद विरोधी अभियान के दौरान कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए उन्होंने देश की रक्षा में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था।
युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगी शहीद की वीरगाथा
शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर क्रीड़ा मैदान का नामकरण उनके अदम्य साहस, वीरता और राष्ट्र के प्रति समर्पण को सम्मान देने का प्रतीक है। साथ ही यह पहल युवा पीढ़ी को देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करेगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्रीड़ा मैदान के नामकरण से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

