सूजी नहीं प्रोटीन पैक्ड मूंग दाल के अप्पे बनाकर खाएं, टेस्टी और हेल्दी नाश्ता, नोट कर लें रेसिपी…….

देहरादून: नाश्ते में प्रोटीन शामिल करना है तो मूंगदाल के अप्पे बनाकर खा सकते हैं। इससे पेट भी भर जाएगा और स्वाद भी भरपूर मिलेगा। मूंग दाल के अप्पे खाने में बहुत टेस्टी लगते हैं। एक बार मूंग दाल के अप्पे की ये रेसिपी जरूर ट्राई करें।

कम तेल वाला हेल्दी नाश्ता खाना चाहते हैं तो अप्पे इसके लिए बेस्ट ऑप्शन हैं। अप्पे को कम तेल में पकाया जाता है। ये दिखने और खाने दोनों में कमाल के लगते हैं। ज्यादातर लोग सूजी के अप्पे बनाकर खाते हैं, लेकिन आप चाहें तो इसे दूसरी चीजों जैसे इडली के बैटर या सिर्फ मूंग दाल से भी बना सकते हैं। मूंग दाल वाले अप्पे खाने में बहुत स्वादिष्ट लगते हैं ये हेल्दी भी होते हैं। मूंग दाल आसानी से पच जाती है और इसमें प्रोटीन भी अच्छी मात्रा में पाया जाता है। आप एक बार इस रेसिपी से मूंग दाल के अप्पे जरूर ट्राई करें।

अप्पे बनाने के लिए सामग्री-
1 कप भीगी हुई मूंग दाल
1/2 कप पानी
1 इंच कटा हुआ अदरक
2-3 हरी मिर्च
2-3 बड़े चम्मच बेसन
1/4 कप कटी हुई गाजर
1-2 बड़े चम्मच हरा प्याज
1-2 बड़े चम्मच हरा धनिया
1 छोटा चम्मच ईनो (फ्रूट सॉल्ट)
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार पानी

तड़के के लिए-
तेल
1 छोटा चम्मच राई (सरसों के बीज)
6-7 करी पत्ते
2-3 सूखी लाल मिर्च
स्वादानुसार नमक
1/2 छोटा चम्मच सफेद तिल

पहला स्टेप- सबसे पहले रातभर भीगी हुई मूंग की दाल को अच्छी तरह धोकर मिक्सी में डालें। इसमें अदरक और हरी मिर्च डाल दें और बारीक पेस्ट बनाकर तैयार कर लें। अब घोल में बेसन मिलाएं और सारी सब्जियां डालकर मिक्स कर दें। अब सारे मसाले और ऊपर से ईनो मिक्स कर लें।

दूसरा स्टेप– अप्पे मेकर को गर्म करें और हल्का ग्रीस कर लें। अब सांचे में तैयार किया बैटर डालें और ढककर इसे पकाएं। जब अप्पे एक साइड से पक जाएं तो पलट दें और दूसरी ओर से भी पका लें। सारे अप्पे ऐसे ही बनाकर तैयार करते जाएं।

तीसरा स्टेप- पैन में तड़का तैयार करें। इसके लिए तेल डालें, राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च, सफेद तिल डालें और अप्पे डाल दें। ऊपर से लंबाई में कटी हरी मिर्च, कटा हरा धनिया और थोड़ा नींबू का रस डालकर मिक्स कर दें।

तैयार हैं एकदम चटपटे स्वादिष्ट अप्पे, इन्हें आप हरी चटनी, नारियल की चटनी या फिर मूंगफली की चटनी के साथ खाएं। बच्चों को बिना चटनी या सॉस के साथ भी अप्पे खाने में स्वादिष्ट लगते हैं। एक बार ये प्रोटीन पैक्ड रेसिपी जरूर ट्राई करें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *