उत्तराखंड में गूलर बस हादसा अपडेट: सीएम धामी ने एम्स में घायलों का जाना हाल, मुआवजे की घोषणा………….

ऋषिकेश: टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी में हुए भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को ऋषिकेश स्थित एम्स पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनकी स्वास्थ्य स्थिति एवं उपचार की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये तथा सामान्य रूप से घायलों को 40 हजार रुपये तक की सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एम्स में भर्ती घायलों से बातचीत कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को समुचित एवं बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दी जाए और जरूरत के अनुसार घायलों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल और संभागीय परिवहन अधिकारी, देहरादून को निर्देश दिए कि दुर्घटना से प्रभावित लोगों को घोषित राहत राशि शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता सुनिश्चित करने के साथ घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था बनाए रखने को कहा।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस दुखद घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

गौरतलब है कि मंगलवार 17 नवंबर की सुबह टिहरी गढ़वाल जिले में ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर गूलर बाजार के पास हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी थी। हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हुए। घायलों में छह की हालत गंभीर बताई गई है। एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी नौ मृतकों की शिनाख्त कर ली गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *