उत्तराखंड में चुनाव से पहले पूर्व सीएम हरीश रावत ने राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी से की मुलाकात………

देहरादून: उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने सियासी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने सोमवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। इस दौरान उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति को लेकर चर्चा की।

पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने राहुल गांधी से मुलाकात के बाद इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि राहुल से मुलाकात के दौरान उन्हें मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खरगे से हुई मुलाकात को शिष्टाचार बताते हुए रावत ने कहा कि उन्होंने उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों को लेकर अपना दृष्टिकोण और विचार उनके सामने रखा।

गौरतलब है कि उत्तराखंड में चुनावी माहौल गर्माने के दृष्टिगत कांग्रेस की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव प्रचार के मैदान में उतारने की योजना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीनों प्रमुख नेताओं की रैलियों को लेकर खाका तैयार कर लिया है। माना जा रहा है कि इसी आलोक में हरदा ने खरगे व राहुल से चर्चा की, ताकि इन कार्यक्रमों को सफल बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री पद की दौड़ से किनारा कर चुके हैं हरदा
हरदा ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य आगामी विधानसभा चुनाव में 45 से अधिक सीटें हासिल करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। यही नहीं, रावत पहले ही यह स्पष्ट कर चुके हैं यदि चुनाव में कांग्रेस जीत हासिल करती है तो वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी में कई सक्षम नेता हैं और मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इसका फैसला चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व और राहुल गांधी करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *