उत्तराखंड में सभी विकासखंड में खोली जाएगी गोशाला, गोसेवा आयोग ने दिए निर्देश……..
देहरादून: प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गोशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। निराश्रित गोवंश को स्थानीय स्तर पर सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने को उत्तराखंड गोसेवा आयोग कार्यवाही तेज करेगा। इस कड़ी में प्रत्येक विकासखंड में गोशालाओं की स्थापना की मुहिम तेज की जाएगी।
सोमवार को मोथरोवाला स्थित पशुधन भवन में हुई आयोग की सामान्य कार्यकारिणी बैठक में आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र अणथ्वाल ने इसके निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान में संचालित और निर्माणाधीन व नए प्रस्तावित गोसदनों एंव गोशालाओं की स्थिति की समीक्षा भी की।
पंडित अणथ्वाल ने कहा कि गोवंश संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। लिहाजा, गोशालाओं में साफ-सफाई, गोवंश के भरण-पोषण और बेहतर देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि गोसदनों को मिलने वाले अनुदान की प्रक्रिया प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख तक पूरी कर ली जाए, ताकि गोसेवकों को समय पर धनराशि मिल सके।
बताया गया कि गोसदनों में रह रहे गोवंश के भरण-पोषण को पहली पहली किस्त के रूप में 21.91 करोड़ रुपये जिलाधिकारियों को उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि दूसरी किस्त के लिए 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। बैठक में गोहत्या, गोकशी व गोतस्करी पर प्रभावी रोक लगाने को सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पंडित अणथ्वाल ने पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि गोमांस पकड़े जाने की कार्रवाई के दौरान नमूने एकत्र करने को मौके पर पहुंचने वाले पशु चिकित्सकों को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही इस संबंध में थाना स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित करने को कहा, ताकि ऐसी कार्रवाई में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
डेयरी संचालकों के पंजीकरण संबंधी नियमावली शासन को भेजी
बैठक में जानकारी दी गई कि डेयरी संचालकों के पंजीकरण संबंधी नियमावली शासन को भेजी गई है। गोवंश के भरण-पोषण को भूसे पर दी जाने वाली सब्सिडी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। इस मौके पर आयोग के सदस्यों ने गोवंश को सड़क दुर्घटनाओं से बचाने को उनके गले में रेेडियम बेल्ट लगाने, गोवंश पर अत्याचार करने वालों को पकड़वाने में सहयोग देने वाले व्यक्तियों को पारितोषिक देने, अन्य राज्यों में गोवंश संरक्षण का अध्ययन करने संबंधी सुझाव दिए। बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कंडारी, पशुपालन निदेशक डा. उदयशंकर, संयुक्त सचिव आलोक कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

