उत्तराखंड के जौलजीबी मेले में हंगामे पर पुलिस का एक्शन, MLA हरीश धामी समेत 6 पर मुकदमा दर्ज………

देहरादून: पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद हंगामा हो गया। पुलिस के मुताबिक, विधायक हरीश सिंह धामी और उनके समर्थकों पर नारेबाजी, अभद्र भाषा के इस्तेमाल, तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की के आरोप हैं। इस मामले में विधायक समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के दौरान हुए हंगामे ने अब कानूनी रूप ले लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के बाद हुई नारेबाजी और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने धारचूला विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया था। इसके बाद उन्होंने जनसभा को भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के बाद विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने कथित तौर पर नारेबाजी शुरू कर दी. इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप है।

पुलिस का आरोप है कि हंगामे के दौरान तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा पुलिस कर्मियों और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। पूरे घटनाक्रम में सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप भी लगाए गए हैं।

विधायक समेत इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा।
इस मामले में पुलिस ने विधायक हरीश सिंह धामी के अलावा राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू को नामजद किया है. इनके साथ अन्य लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक, घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *