उत्तराखंड के देहरादून में लगा फूड एंड सीड फेस्टिवल, एक मंच पर दिखी हिमालय की हजारों साल पुरानी खाद्य विरासत………

देहरादून: हिमालय की समृद्ध कृषि परंपरा, पारंपरिक बीजों और पहाड़ी खानपान की विविधता शनिवार को मियांवाला स्थित ठौर-द दून हाट में जीवंत हो उठी। यहां दो दिवसीय हिमालयन फूड एंड सीड फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ।

महोत्सव में एक हजार से अधिक प्रकार के अनाज, दालों और सब्जियों के देशज बीजों की प्रदर्शनी लगाई गई है। नीति, स्पीति और सिक्किम की जोंगू घाटियों के उत्पाद विशेष आकर्षण बने हुए हैं।

सिक्किम की जोंगू घाटियों के उत्पाद विशेष आकर्षण
इंटीग्रेटेड माउंटेन इनिशिएटिव (आइएमआइ) की ओर से नेशनल मिशन आन हिमालयन स्टडीज के एग्रोइकोलाजी प्रोजेक्ट के तहत आयोजित महोत्सव में किसानों, बीज संरक्षकों और विशेषज्ञों ने पारंपरिक बीजों के संरक्षण, जैव विविधता और स्थानीय खेती को बढ़ावा देने पर चर्चा की।

मुख्य अतिथि पूर्व मुख्य सचिव एनएस नपलच्याल ने कहा कि हिमालयी खाद्य विविधता को पहचान दिलाने से पोषण, स्वास्थ्य और पर्वतीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार विकसित करना जरूरी है। पोषण विशेषज्ञ डा. पुष्पिका वज्जन ने मंडुआ, झंगोरा, रामदाना और भंगजीर जैसी फसलों को नियमित भोजन में शामिल करने पर जोर दिया।

वहीं, प्रो. एएन पुरोहित ने छोटे और बिखरे खेतों में क्लस्टर आधारित खेती को प्रोत्साहित करने की बात कही। महोत्सव में हिमालयी उत्पादों को बाजार में विशिष्ट पहचान दिलाने के उद्देश्य से थाइम (ट्रांस-हिमालयन माउंटेन एग्रो-इकोलाजी) ब्रांड भी लांच किया गया। रविवार को स्पीति, नीति और जोंगू घाटियों के शेफ पारंपरिक व्यंजनों की मास्टरक्लास आयोजित करेंगे। पहले दिन करीब 200 लोगों ने भागीदारी की।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *