उत्तराखंड में इंटरनेट मीडिया पर होगा हरिद्वार अर्धकुंभ का प्रचार, 107 दिन में 10 अमृत स्नान, ये है सूची………
हरिद्वार: अर्धकुंभ में आयोजनों का संचालन और मेले से जुड़ी जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी मेला प्रशासन के लिए अहम होगा। इसके लिए आयोजन प्रबंधन करने वाली एजेंसियों का पैनल बनाया जाएगा, जबकि इंटरनेट मीडिया पर मेले का प्रचार-प्रसार संभालने के लिए अलग एजेंसी चुनी जाएगी। इन दोनों व्यवस्थाओं के जरिये आयोजन संबंधी कामकाज और डिजिटल प्रचार को अलग-अलग जिम्मेदारी देने की तैयारी है।
14 जनवरी से शुरू होंगे स्नान पर्व
अर्धकुंभ में 14 जनवरी से स्नान पर्व शुरू होंगे और 20 अप्रैल को अंतिम स्नान होगा। 107 दिन के मेले में कुल 10 प्रमुख स्नान पर्व निर्धारित किए गए हैं। इनमें छह मार्च, आठ मार्च, 14 अप्रैल व 20 मार्च को अमृत स्नान भी शामिल हैं। मेला प्रशासन ने अर्धकुंभ के लिए इवेंट मैनेजमेंट एजेंसियों को पैनल में शामिल करने के लिए प्रस्ताव मांगे हैं।
इसका उद्देश्य मेले से जुड़े आयोजनों के लिए जरूरत के मुताबिक एजेंसियों की सेवाएं लेने की व्यवस्था तैयार करना है। बड़े धार्मिक आयोजन में कार्यक्रमों के संचालन और उनसे जुड़ी व्यवस्थाओं के बीच तालमेल महत्वपूर्ण होता है। एजेंसियों का पैनल बनने से आयोजन संबंधी कामों के लिए सेवाएं लेने का विकल्प उपलब्ध रहेगा।
इंटरनेट मीडिया प्रबंधन के लिए चुनी जाने वाली एजेंसी डिजिटल माध्यमों के जरिये मेले की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचाएगी। अर्धकुंभ में देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में मेले से संबंधित प्रमाणिक जानकारी आसानी से उपलब्ध होना महत्वपूर्ण रहेगा। इंटरनेट मीडिया इसके लिए एक माध्यम बनेगा।
जरूरी सामान में रसोई और सफाई से जुड़ी वस्तुएं
मेला प्रशासन ने आयोजन और प्रचार के अलावा जरूरी सामान की व्यवस्था के लिए भी टेंडर जारी किया है। इसमें रसोई में इस्तेमाल होने वाले सामान, बर्तन और सफाई से जुड़े औजारों सहित विभिन्न वस्तुओं की आपूर्ति शामिल है।
इससे मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं के संचालन में उपयोगी होगी। विशेष रूप से भोजन तैयार करने और परोसने व सफाई संबंधी कामों के लिए जरूरी सामग्री समय पर उपलब्ध होगी।
मेला नियंत्रण भवन में कैफेटेरिया का संचालन
हरकी पैड़ी के पास स्थित मेला भवन में कैफेटेरिया स्थापित करने, उसका संचालन करने और रखरखाव की जिम्मेदारी के लिए भी निविदा आमंत्रित की गई है। इसके तहत संचालक का चयन किया जाना है। मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों और अन्य लोगों की आवाजाही को देखते हुए कैफेटेरिया की सुविधा उपयोगी होगी।
प्रमुख स्नान तिथियां
14 जनवरी – मकर संक्रांति
6 फरवरी – मौनी अमावस्या
11 फरवरी – बसंत पंचमी
20 फरवरी – माघ पूर्णिमा
अमृत स्नान (शाही स्नान)
6 मार्च – महाशिवरात्रि (प्रथम अमृत स्नान)
8 मार्च – सोमवती/फाल्गुन अमावस्या (द्वितीय अमृत स्नान)
14 अप्रैल – मेष संक्रांति/वैशाखी (तृतीय अमृत स्नान)
20 अप्रैल – चैत्र पूर्णिमा (चतुर्थ अमृत स्नान)
अन्य प्रमुख पर्व
7 अप्रैल – नव संवत्सर
15 अप्रैल – राम नवमी

