उत्तराखंड में बर्फीली ढलानों से रोमांचक सफर तक, 12 महीने गुलजार रहेगा उत्तराखंड का पर्यटन, औली में शुरू होंगे विंटर गेम्स……..

देहरादून: अब उत्तराखंड में पर्यटन का आनंद लेने के लिए पर्यटकों को गर्मियों या चारधाम यात्रा के सीजन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। सरकार शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई गतिविधियां शुरू करने की तैयारी में है। औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स कराने की योजना भी इसी का हिस्सा है।

चारधाम यात्रा के बाद अब उत्तराखंड में पर्यटन का नया सीजन शीतकाल में भी रफ्तार पकड़ेगा। बर्फ से लकदक पहाड़, रोमांचक साहसिक गतिविधियां और आध्यात्मिक स्थलों की यात्रा पर्यटकों को सालभर प्रदेश की ओर आकर्षित करेगी। पर्यटन को 12 महीने की गतिविधि बनाने के लिए प्रदेश सरकार ने शीतकालीन यात्रा, एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म का खाका तैयार किया है। इसी कड़ी में चमोली जिले के औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स कराने की तैयारी है। वर्ष 2018 के बाद यहां फिर से शीतकालीन खेलों के आयोजन की उम्मीद जगी है।

प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ पर्यटन है। चारधाम यात्रा के बाद अब सरकार का फोकस शीतकाल पर्यटन पर है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने शीतकालीन यात्रा के साथ साहसिक पर्यटन गतिविधियों व वेलनेस टूरिज्म का प्लान बनाया है। शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने के लिए बाबा केदार, बदरी विशाल, मां गंगोत्री व यमुनोत्री के प्रवास स्थलों पर श्रद्धालुओं को सुविधा के साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी किए जाएंगे। साहसिक पर्यटन के माध्यम से देश दुनिया के पर्यटकों को उत्तराखंड आने के लिए आकर्षित करने की योजना बनाई है।

20 नवंबर से शुरू होगी अल्टीमेट साइकिल चैलेंज प्रतियोगिता।
राज्य में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 नवंबर से अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम मार्गों पर 700 किमी की होगी। प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट, लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलस्ट पहुंचेंगे। रोमांचक सफर नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से शुरू होकर बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी, उत्तरकाशी होते हुए देहरादून में 26 नवंबर को समाप्त होगा।

औली में विंटर गेम्स की तैयारी।
2018 से इंतजार के बाद अब औली ढलानों पर विंटर गेम्स की नई उम्मीद आकार ले रही है। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से कृत्रिम बर्फ जमाने के लिए आर्टिफिशियल स्नोमेकिंग सिस्टम का पहले चरण का मरम्मत कार्य पूरा हो गया है। इससे पहाड़ों पर तापमान और नमी की नियमित निगरानी शुरू हो गई है। बाकी शेष मरम्मत का काम दिसंबर तक पूरा किया जाएगा।

प्रदेश में शीतकालीन पर्यटन के लिए प्लान बनाया गया है। चारधाम के कपाट बंद होने के बाद धामों के शीतकाल प्रवास स्थलों से शीतकालीन यात्रा संचालित की जाएगी। इसके अलावा साहसिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को उत्तराखंड आने के लिए आकर्षित किया जाएगा। -धीराज गर्ब्याल, सचिव पर्यटन

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *