उत्तराखंड में 11 नवंबर के अवकाश का फर्जी आदेश वायरल, विधिक कार्रवाई के निर्देश……..

देहरादून: उत्तराखंड में 11 नवंबर को भाई दूज का सार्वजनिक अवकाश घोषित किए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल आदेश को शासन ने फर्जी करार दिया है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन ने फर्जी आदेश जारी करने वाले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने का विषय उठाया है। साथ ही स्पष्ट किया है कि 11 नवंबर को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का आदेश पूरी तरह कूटरचित और निराधार है।

सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव राजेंद्र कुमार ने 9 नवंबर को महानिदेशक, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग को भेजे पत्र में बताया कि सोशल मीडिया पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा 11 नवंबर 2026 को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने संबंधी फर्जी आदेश प्रसारित किया गया है। पत्र के विषय में ही फर्जी अवकाश आदेश जारी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने का उल्लेख किया गया है।

सचिव ने पत्र में स्पष्ट किया कि सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना संख्या 1457, दिनांक 17 अक्टूबर 2026 के तहत 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी का अवकाश घोषित किया गया था। इसी अधिसूचना के आधार पर कूटरचना कर 11 नवंबर को भाई दूज का अवकाश घोषित किए जाने का फर्जी आदेश तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जा रहा है।

शासन ने इस फर्जी आदेश का प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में खंडन कराने के निर्देश भी दिए हैं। पत्र की प्रतिलिपि सचिव, सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव, मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *