उत्तराखंड में आज पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, 11-12 नवंबर को मौसम शुष्क………

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के बीच ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार, आज 10 नवंबर को प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कोहरा छाने का भी अनुमान है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आने और ठंड बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर, प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है।

घाटियों में कोहरे का असर, सुबह-शाम बढ़ेगी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है खासकर सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने की संभावना है। वहीं, पहाड़ों में ऊंचाई के अनुसार तापमान में गिरावट से ठंड का असर और बढ़ सकता है। नक्शेदेखें

मौसम के मिजाज में 13 नवंबर से एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों और मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

पहाड़ों में गिरेगा तापमान, मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम के बीच ठंड का असर
पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है। विशेषकर ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर अधिक महसूस होने की संभावना है। वहीं, हल्द्वानी, रुद्रपुर, हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है। यहां दिन में धूप खिलने से अधिकतम तापमान अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, जबकि सुबह और रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंड का असर महसूस होगा।

इस तरह अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने के बाद 13 नवंबर से पर्वतीय जिलों में मौसम फिर करवट ले सकता है। मौसम का यह बदलाव पहाड़ों में सर्दी का असर बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *