उत्तराखंड 26 साल का हुआ, कमाई में देहरादून-हरिद्वार आगे निकले, कितनी बदली तस्वीर…….

देहरादून: उत्तराखंड आज अपना 26वां राज्य स्थापना दिवस मना रहा है। राज्य स्थापना दिवस की शुभकामना देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार का संकल्प उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य के रूप में पहचान दिलाने की है। अमर शहीदों, आंदोलनकारियों और देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए राज्य के 26 साल की विकास यात्रा का ब्योरा साझा किया। कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था का आकार 26 गुना बढ़ा है। प्रति व्यक्ति आय 18 गुना ज्यादा हो गई है। हालांकि ऊपर से सुंदर दिखती इस तस्वीर के बीच अब भी पहाड़ और मैदान के बीच आर्थिक असमानता दिखती है।

राज्य की कुल जिला अर्थव्यवस्था में देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर की हिस्सेदारी 71.3 फीसदी है, जबकि बाकी 10 जिलों का योगदान महज 28.7 फीसदी है। वर्ष 2021-22 के आर्थिक आंकड़े बताते हैं कि राज्य की अर्थव्यवस्था का बड़ा हिस्सा आज भी तीन मैदानी जिलों में केंद्रित है।

हालांकि, पहाड़ी जिलों की तस्वीर पूरी तरह निराशाजनक नहीं है। आर्थिक विकास दर के मामले में चमोली, पिथौरागढ़ और चंपावत जैसे जिले कई मैदानी जिलों से आगे रहे। यानी पहाड़ों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ रही हैं, लेकिन इस वृद्धि का फायदा लोगों की आय और रोजगार के अवसरों में उसी अनुपात में दिखाई नहीं दे रहा।

पहाड़ों में कृषि का आधार, मैदानों में उद्योग का दबदबा
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य पालन और खनन से होने वाले सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में नौ पहाड़ी जिलों का योगदान 11,765 करोड़ रुपये रहा। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर ने अकेले 10,746 करोड़ रुपये का योगदान दिया। देहरादून और नैनीताल की हिस्सेदारी भी 6,577 करोड़ रुपये रही।

सेवा क्षेत्र में मैदानी जिलों का दबदबा और ज्यादा है। देहरादून, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार और नैनीताल ने मिलकर 76,114 करोड़ रुपये का जीवीए पैदा किया। यह राज्य के कुल सेवा क्षेत्र के 1,05,233 करोड़ रुपये के जीवीए का करीब 72.3 फीसदी है। इस क्षेत्र में व्यापार, परिवहन, पर्यटन, वित्त, रियल एस्टेट और सरकारी सेवाएं शामिल हैं।

हरिद्वार की आय रुद्रप्रयाग से करीब चार गुना
प्रति व्यक्ति आय के आंकड़े भी पहाड़ और मैदान के बीच बड़ा अंतर दिखाते हैं। हरिद्वार 3,62,688 रुपये की प्रति व्यक्ति आय के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है। ऊधमसिंह नगर 2,69,070 रुपये और देहरादून 2,35,707 रुपये के साथ अगले स्थानों पर हैं। पहाड़ी जिलों में चमोली की प्रति व्यक्ति आय सबसे अधिक 1,27,330 रुपये दर्ज की गई। वहीं, रुद्रप्रयाग 93,160 रुपये के साथ सबसे पीछे रहा। यानी हरिद्वार की प्रति व्यक्ति आय रुद्रप्रयाग के मुकाबले करीब चार गुना है।

विकास दर में पहाड़ों ने दिखाई रफ्तार
आर्थिक असमानता के बीच विकास दर के आंकड़े पहाड़ी जिलों के लिए उम्मीद जगाते हैं। वर्ष 2021-22 में स्थिर कीमतों पर चमोली की अर्थव्यवस्था 11.5 फीसदी की दर से बढ़ी। पिथौरागढ़ और चंपावत में 11.2 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। इसके मुकाबले हरिद्वार की विकास दर 10.3 फीसदी और देहरादून की 8.78 फीसदी रही। बागेश्वर में यह दर 7.92 फीसदी और ऊधमसिंह नगर में सबसे कम 7.65 फीसदी दर्ज की गई।

सरकार के बेरोजगारी दर पर दावे
सीएम धामी के मुताबिक, बेरोजदारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। वर्तमान में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.83 प्रतिशत पहुंच गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य सड़क, बिजली, पेयजल, और उद्योग के क्षेत्र में आई यह प्रगति किसान, युवाओं, महिलाओं और उद्यमियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

युवाओं को पारदर्शी तरीके से मिली 35 हजार नौकरियां
सीएम धामी ने कहा कि युवाओं का सुरक्षित भविष्य सरकार की पहली प्राथमिकता है। पांच वर्षों में 35000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने को सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। यूसीसी, धर्मांतरण विरोधी कानून, सख्त भू-कानून और अतिक्रमण पर कार्रवाई जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *