उत्तराखंड के हरिद्वार में जेल से रिहाई के बाद दून पुलिस ने उर्मिला से चार घंटे की पूछताछ, नोटिस देकर छोड़ा……..
हरिद्वार: दोनों मामलों में जमानत और जमानती दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला कारागार प्रशासन को रिहाई का परवाना मिल गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जेल प्रशासन ने औपचारिकताएं पूरी कर उर्मिला सनावर को रिहा कर दिया।वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने बताया कि कोर्ट से परवाना प्राप्त हो गया था, जिसके बाद शुक्रवार को रिहाई कर दी गई।
जिला कारागार रोशनाबाद से रिहाई के तुरंत बाद अभिनेत्री उर्मिला सनावर को देहरादून पुलिस ने पूछताछ के लिए अपने साथ ले लिया। एसओजी कार्यालय में करीब चार घंटे तक उनसे विभिन्न बिंदुओं पर सवाल-जवाब किए गए। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने नोटिस तामील कराते हुए छोड़ दिया। वहीं, हरिद्वार में दर्ज एक प्राथमिकी में एसीजेएम कोर्ट से मिली जमानत को चुनौती देने वाली विवेचक की याचिका पर शनिवार को जिला जज कोर्ट में सुनवाई होगी। ऐसे में उनकी रिहाई के बाद अब न्यायालय में होने वाली सुनवाई पर निगाहें टिकी हैं।
शुक्रवार को दोनों मामलों में जमानत और जमानती दस्तावेज की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जिला कारागार प्रशासन को रिहाई का परवाना मिल गया। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जेल प्रशासन ने औपचारिकताएं पूरी कर उर्मिला सनावर को रिहा कर दिया।वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज आर्य ने बताया कि कोर्ट से परवाना प्राप्त हो गया था, जिसके बाद शुक्रवार को रिहाई कर दी गई।
वह जैसे ही जेल से बाहर आईं, वहां पहले से मौजूद देहरादून के पटेलनगर कोतवाली की पुलिस उन्हें अपने साथ एसओजी कार्यालय ले गई। देहरादून से पहुंचे इंस्पेक्टर नरेश राठौर ने पुलिस टीम के साथ उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से पूछताछ के विषय और उसके नतीजों को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है। इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी बोलने से बचते रहे।
जमानत के आदेश को दी गई है चुनौती
रानीपुर कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी में एसीजेएम कोर्ट ने दो नवंबर को उर्मिला सनावर को जमानत दी थी। इस आदेश के खिलाफ विवेचक संदीप भंडारी ने जिला एवं सत्र न्यायालय में याचिका दाखिल कर आपत्ति जताई थी। बुधवार को दाखिल याचिका पर न्यायालय ने नोटिस जारी करते हुए सात नवंबर को सुनवाई की तारीख निर्धारित की थी। जमानत आदेश को चुनौती दिए जाने के बावजूद उस पर अब तक कोई रोक नहीं लगी है। इसी के चलते जमानती दस्तावेजों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी।
25 अक्तूबर से जेल में बंद थीं उर्मिला
पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर रानीपुर कोतवाली में दर्ज प्राथमिकी के बाद उर्मिला सनावर को 25 अक्तूबर को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद से वह जिला कारागार रोशनाबाद में बंद थीं। वहीं, करीब दो साल पुराने एक अन्य मामले में भी उन्हें जमानत मिल गई। दोनों मामलों में जमानत मिलने के बाद शुक्रवार को उनकी रिहाई हुई। अब शनिवार को जिला जज कोर्ट में होने वाली सुनवाई से इस मामले में आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।

