उत्तराखंड के हरिद्वार में अर्धकुंभ 2027 से पहले हरिद्वार का होगा कायाकल्प, 3.77 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे अंडरपास और फ्लाईओवर……..

हरिद्वार: अर्धकुंभ-2027 से पहले धर्मनगरी के अंडरपास और फ्लाईओवर को नया रूप देने की तैयारी है। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) शहर के अलग-अलग अंडरपास और फ्लाईओवर का 3.77 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराएगा।

खास बात यह है कि इस योजना में केवल रंगाई-पुताई और लाइटिंग तक काम सीमित नहीं रहेगा। सीएनसी तकनीक से आकर्षक डिजाइन तैयार किए जाएंगे। सजावटी पैनल लगाए जाएंगे। दीवारों पर नई पेंटिंग होगी। परिसर में अलग-अलग प्रजातियों के पौधे भी लगाए जाएंगे। इससे शहर के प्रमुख मार्गों की तस्वीर बदलने के साथ अर्धकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं को भी बेहतर माहौल मिलेगा।

कार्य पूरा करने के लिए 60 दिन का समय निर्धारित किया गया है। अर्धकुंभ के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही होगी। ऐसे में शहर की प्रमुख सड़कों के साथ फ्लाईओवर और अंडरपास काे साफ-सुथरा और आकर्षक बनाया जाएगा। एचआरडीए की यह योजना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सीएनसी डिजाइन और सजावटी पैनल से बदलेगा रूप
परियोजना के तहत एमएस शीट से सजावटी डिजाइन तैयार किए जाएंगे। इनकी कटिंग सीएनसी, प्लाज्मा या लेजर तकनीक से होगी। इन पर तांबे जैसी चमक वाला विशेष रंग भी किया जाएगा। इसके अलावा एफआरपी के सजावटी पैनल लगाए जाएंगे।

इनके लिए स्टील का ढांचा भी तैयार होगा। इससे अंडरपास और फ्लाईओवर की खाली दीवारों और निर्धारित हिस्सों को आकर्षक रूप दिया जा सकेगा। अभी कई स्थानों पर दीवारों और आसपास के हिस्सों का स्वरूप सामान्य है। नई डिजाइन और सजावटी पैनल लगने से इनकी अलग पहचान बनेगी।

853 लाइटों से होगी रोशनी की व्यवस्था
अंडरपास और फ्लाईओवर को रात में आकर्षक बनाने के लिए अलग-अलग तरह की 853 लाइटें लगाई जाएंगी। इनमें 132 फ्लेक्सिबल एलईडी लाइट, 132 वाल वाशर लाइट, 172 छोटी स्पाट लाइट, 297 बड़ी स्पाट लाइट और 120 फ्लड लाइट शामिल हैं।

इनकी मदद से संरचनाओं के किनारों, दीवारों और सजावटी डिजाइन पर रोशनी डाली जाएगी। लाइटिंग के लिए बिजली की अलग व्यवस्था भी होगी। इसके लिए केबिल भी बिछाया जाएगा। एजेंसी को खराबी आने पर तीन दिन के भीतर मरम्मत या लाइट बदलने की व्यवस्था करनी होगी।

395 पौधों से बढ़ेगी हरियाली
सुंदरीकरण योजना में हरियाली का भी ध्यान रखा गया है। इसके तहत 150 एरेका पाम, 120 रैपिस एक्सेलसा पाम, 60 प्लूमेरिया और 65 बोगनवेलिया के पौधे लगाए जाएंगे। इनकी कुल संख्या 395 है।

पौधों को सीमेंट के गमलों में लगाया जाएगा। इनके लिए मिट्टी और खाद की व्यवस्था भी एजेंसी करेगी। अंडरपास और फ्लाईओवर की दीवारों को भी नया रूप दिया जाएगा। इससे दीवारें साफ और आकर्षक दिखाई देंगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *