उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव से पहले बदलेगी देहरादून के 100 वार्डों की तस्वीर, 70 करोड़ से होंगे काम…………

देहरादून: उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच देहरादून नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारने की कवायद हो रही है। शहर के सभी 100 वार्डों में सड़क, नाली, सुरक्षा दीवार और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को गति देने पर जोर है। अब तक पार्षद कोटे के कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा था, जबकि महापौर कोटे के विकास कार्यों को भी जल्द शुरू कराने की तैयारी है। निगम स्तर पर पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में प्रस्तावित कार्यों की प्रगति तेज करने के लिए कहा जा रहा है।

252 कार्यों को लेकर नवंबर में की जाएगी टेंडर प्रक्रिया
नगर निगम बोर्ड की अप्रैल 2026 में हुई बैठक में पार्षदों के लिए वार्षिक विकास निधि 50 लाख रुपये किए जाने का प्रस्ताव पारित किए गए थे। इस आधार पर सभी 100 वार्डों में पार्षद कोटे के कार्यों की कुल संभावित राशि 50 करोड़ रुपये बैठती है। वहीं, महापौर कोटे से प्रत्येक वार्ड में 20 लाख रुपये के विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

सभी वार्डों को शामिल करने पर इसकी कुल राशि 20 करोड़ रुपये होती है। इस तरह दोनों योजनाओं की कुल प्रस्तावित राशि 70 करोड़ रुपये तक पहुंचती है। हालांकि, यह कुल राशि प्रत्येक कार्य की स्वीकृति, कार्यादेश और वास्तविक खर्च पर निर्भर करती है।

पार्षद कोटे के तहत विभिन्न वार्डों में सड़क निर्माण, नालियों की मरम्मत, पुश्तों और सुरक्षा दीवारों सहित स्थानीय जरूरतों से जुड़े 426 कार्य कराए जा रहे हैं। सितंबर में नगर निगम के सभी 100 वार्डों में लगभग 50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लिए टेंडर जारी करने की प्रक्रिया शुरू की थी और अब कई कार्य गतिमान हैं। दूसरी ओर, महापौर निधि से प्रस्तावित करीब 252 कार्यों को लेकर नवंबर में टेंडर प्रक्रिया की जाएगी।

चुनाव से पहले दिखेगा विकास का असर ?
आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए विकास कार्यों की समयबद्धता महत्वपूर्ण हो गई है। वार्डों में सड़कें दुरुस्त होने, नालियों की समस्या दूर होने और स्थानीय सुविधाओं में सुधार से लोगों को सीधा लाभ मिल सकता है। यही वजह है कि पार्षदों के स्तर पर भी काम में तेजी लाने पर जोर दिया जा रहा है। हालांकि, चुनौती केवल बजट आवंटित करने या टेंडर जारी करने की नहीं, बल्कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने की है।

नगर निगम के सभी 100 वार्डों में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं। वार्डों के सामान्य कार्यों के साथ ही पार्क और सामुदायिक भवन निर्माण भी योजना में शामिल हैं। निर्माण अनुभाग को कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। :सौरभ थपलियाल, महापौर

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *