उत्तराखंड में रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल एक दिसंबर तक स्थगित……….

देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर जारी अनिश्चितकालीन हड़ताल एक दिसंबर तक स्थगित कर दी है। शनिवार को परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा के शासकीय आवास पर कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ हुई बैठक में वेतन भुगतान सहित विभिन्न मांगों पर सहमति बनने के बाद यह निर्णय लिया गया।

बैठक में कर्मचारियों को चार नवंबर तक अगस्त माह का वेतन दीपावली बोनस सहित जारी करने और नवंबर के अंत तक सितंबर माह का वेतन भुगतान करने का आश्वासन दिया गया। पिछले तीन माह से वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर कर्मचारियों में नाराजगी थी। यूनियन ने प्रत्येक माह की सात तारीख तक वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। इस पर वेतन भुगतान व्यवस्था के स्थायी समाधान की दिशा में काम करने पर सहमति बनी।

बैठक में परिवहन निगम की वित्तीय स्थिति और लंबित देनदारियों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। अधिकारियों ने बताया कि निगम पर करोड़ों रुपये की पुरानी देनदारियां हैं। इनके स्थायी समाधान के लिए वित्त विभाग से वार्ता कर एकमुश्त समाधान का रास्ता तलाशने की आवश्यकता है। इसके अलावा छात्रों, बुजुर्गों सहित विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को दी जाने वाली निशुल्क यात्रा के एवज में शासन से मिलने वाली धनराशि के भुगतान में देरी का विषय भी उठाया गया।

कर्मचारी प्रतिनिधियों ने निगम के निर्धारित मार्गों पर निजी बसों को परमिट दिए जाने का विरोध करते हुए इन मार्गों पर निजी बसों का संचालन रोकने की मांग की। वहीं, संविदा और विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को समान काम के लिए समान वेतन देने के मामले में प्रस्ताव तैयार कर शासन और निगम बोर्ड को भेजने पर सहमति बनी।

नियमितीकरण, संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि और परिवहन निगम के बस बेड़े का विस्तार करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मानदेय वृद्धि से संबंधित प्रस्ताव निगम बोर्ड के समक्ष रखने पर सहमति जताई गई। कर्मचारियों का मानना है कि बस बेड़े में विस्तार से निगम की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महामंत्री अशोक चौधरी ने बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है।

उन्होंने बताया कि मंत्री की ओर से मांगों के समाधान का आश्वासन दिया गया है। फिलहाल यूनियन ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल एक दिसंबर तक स्थगित करने का निर्णय लिया है। इससे त्योहारी सीजन में परिवहन सेवाओं पर मंडरा रहा संकट टल गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *