उत्तराखंड के मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड के चार विभागों में 1818 पदों पर भर्ती की तैयारी आगे बढ़ी, आयोग को अधियाचन भेजा गया है……….
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने जा रहे हैं। राज्य के विभिन्न विभागों में 1818 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को अधियाचन भेजा गया है। इनमें पुलिस, वन, आबकारी और कारागार विभाग के विभिन्न पद शामिल हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराने और भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक योग्य अभ्यर्थी को अपनी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर सरकारी सेवा में आने का अवसर मिले। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती प्रक्रियाओं में निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
पुलिस विभाग में 1385 पदों पर भर्ती
भर्ती के लिए भेजे गए अधियाचन में उत्तराखंड पुलिस विभाग के सबसे अधिक पद शामिल हैं। इनमें आरक्षी संवर्ग के 1187, उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 और प्लाटून कमांडर पीएसी, आईआरबी एवं एसडीआरएफ के 81 पद शामिल हैं। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच पदों पर भी भर्ती प्रस्तावित है।
वन, कारागार और आबकारी विभाग में भी अवसर
कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। आबकारी विभाग में आबकारी सिपाही के 50 और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं। वहीं वन विभाग में वन आरक्षी के 189 तथा स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती की जाएगी।
विभिन्न विभागों में रिक्त पदों के लिए अधियाचन भेजे जाने से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं को अवसर मिलने की उम्मीद है। अब भर्ती प्रक्रिया आयोग के स्तर पर आगे बढ़ेगी। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता जताई है।

