उत्तराखंड की राजधानी के पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक वाहन प्रतिबंधित, जिला प्रशासन ने जारी किए आदेश………

देहरादून: त्योहारी सीजन में बाजारों में लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। ऐसे में वहां पर उनके चलने के लिए पर्याप्त जगह हो इसके लिए प्रशासन ने भी तैयारियां की हैं। व्यस्ततम बाजारों में यातायात और जनसुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पलटन बाजार में सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अलावा आसपास के बाजारों में सुबह 11 बजे के पहले और शाम सात बजे के बाद ही सामान की लोडिंग और अनलोडिंग हो सकेगी। इस संबंध में शुक्रवार को जिला प्रशासन ने आदेश जारी किए हैं। एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा ने त्योहारी सीजन के लिए व्यापारियों के साथ बैठक कर बाजारों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की थी। इस दौरान पुलिस और अन्य विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।

एडीएम केके मिश्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजारों में लोग खरीदारी के लिए आ रहे हैं। ऐसे में वहां पर उनके चलने के लिए पर्याप्त जगह हो इसके लिए प्रशासन ने भी तैयारियां की हैं। व्यस्ततम बाजारों में यातायात और जनसुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि पलटन बाजार सहित शहर के प्रमुख और व्यस्तम बाजारों में अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। बाजारों में आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण, रेहड़ी-ठेली और अन्य प्रकार के अवरोधों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने पुलिस, नगर निगम और प्रशासन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाजारों में व्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नियमित निगरानी रखी जाए। व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों से भी अपील की कि वे त्योहारी सीजन में बेहतर यातायात व्यवस्था एवं जनसुरक्षा बनाए रखने में जिला प्रशासन का सहयोग करें।

व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर अनावश्यक रूप से सामान न रखें और बाजारों में आवागमन के लिए निर्धारित स्थान को अवरोधमुक्त रखने में सहयोग दें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के आपसी सहयोग से ही बाजारों में सुव्यवस्थित व्यवस्था कायम रखी जा सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *