उत्तराखंड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का केदारनाथ दौरे को लेकर तैयारियां तेज………

रुद्रप्रयाग: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नवंबर माह के प्रथम सप्ताह में प्रस्तावित श्री केदारनाथ धाम भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को आगामी डेढ़ माह में अधिकाधिक कार्य पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि आगामी केदारनाथ यात्रा से पहले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं बेहतर बनाई जा सकें।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी ने केदारनाथ धाम में आस्थापथ, निर्माणाधीन गेस्ट हाउस, विभिन्न मार्गों और अस्पतालों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम अनुकूल होने के दौरान उपलब्ध समय का बेहतर उपयोग करते हुए पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और अनावश्यक देरी न होने दी जाए।

राष्ट्रपति के भ्रमण को लेकर प्रशासन सतर्क
राष्ट्रपति के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण की तैयारियों के साथ ही धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का प्रयास है कि राष्ट्रपति का प्रस्तावित भ्रमण गरिमामय ढंग से संपन्न हो और श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

आगामी यात्रा से पहले सुविधाएं दुरुस्त करने पर जोर
जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी केदारनाथ धाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए पुनर्निर्माण कार्यों और जरूरी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करना प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को कार्यों की गति बढ़ाने के साथ गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा और आपसी समन्वय के माध्यम से अधिकाधिक कार्य निर्धारित समय में पूरे करने पर जोर दिया जा रहा है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *