उत्तराखंड में दशहरे पर हल्द्वानी में बदलेगा यातायात, कई मार्गों पर डायवर्जन लागू रहेगा…..
हल्द्वानी: दशहरा पर्व के दौरान रामलीला मैदान में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। 20 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से दशहरा कार्यक्रम समाप्त होने तक डायवर्जन प्लान लागू रहेगा। इसके तहत रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों के साथ ही छोटे वाहनों के रूट निर्धारित किए गए हैं। निजी वाहनों की पार्किंग और ऑटो-मैजिक स्टैंड के संचालन के लिए भी अलग-अलग स्थान तय किए गए हैं। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
रोडवेज, सिटी और सिडकुल बसों का डायवर्जन
रामपुर रोड से आने वाली बसें: टीपी नगर तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी तिराहा, गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। वैकल्पिक स्थिति में बसों को एफटीआई तिराहे से वापस कराया जाएगा।
बरेली रोड से आने वाली बसें: तीनपानी तिराहे से गोला बाईपास, नारीमन तिराहा काठगोदाम, तिकोनिया और नैनीताल बैंक तिराहे होते हुए रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत होंडा शोरूम तिराहे से वापस कराया जाएगा।
कालाढूंगी रोड से आने वाली बसें: लामाचौड़ चौराहे से कठघरिया, ऊंचापुल/लालडॉट तिराहा, पनचक्की और हाईडिल तिराहे होते हुए तिकोनिया तथा नैनीताल बैंक तिराहे से रोडवेज स्टेशन पहुंचेंगी। वैकल्पिक स्थिति में बाजपुर बस स्टैंड से वापस कराया जाएगा।
रोडवेज स्टेशन से बरेली और रामपुर रोड की ओर: बसें रोडवेज के पूर्वी गेट से ताज चौराहा और गोलापुल होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
रोडवेज स्टेशन से कालाढूंगी रोड की ओर: बसें पूर्वी गेट से तिकोनिया, हाईडिल तिराहा, पनचक्की और चंबल पुल होते हुए ऊंचापुल/कटघरिया से कालाढूंगी रोड की ओर भेजी जाएंगी।
छोटे वाहनों के लिए निर्धारित रूट
बरेली रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गोलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम से आगे जाएंगे। अन्य छोटे वाहन गांधी इंटर कॉलेज तिराहे से डायवर्ट होकर एफटीआई तिराहा, आईटीआई तिराहा और मुखानी चौराहा/नवाबी रोड तिराहे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।
रामपुर रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन गन्ना सेंटर/शीतल होटल तिराहे से डायवर्ट होकर तीनपानी फ्लाईओवर, गोलापार रोड और नारीमन तिराहे से आगे जाएंगे। अन्य वाहन आईटीआई तिराहे से मुखानी चौराहा, पनचक्की तिराहा और हाईडिल/कालटैक्स तिराहे होते हुए नारीमन तिराहे की ओर जाएंगे।
कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन: पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले छोटे वाहन ऊंचापुल/लालडॉट तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की, हाईडिल/कालटैक्स तिराहा और नारीमन तिराहे से आगे जाएंगे। अन्य छोटे वाहन मुखानी चौराहा, नवाबी रोड या जेल रोड तिराहे से डायवर्ट किए जाएंगे।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन: बरेली और रामपुर रोड की ओर जाने वाले छोटे वाहन नारीमन तिराहा काठगोदाम से गोला बाईपास होते हुए तीनपानी और बरेली रोड की ओर जाएंगे। कालाढूंगी रोड की ओर जाने वाले वाहन कालटैक्स/हाईडिल तिराहे से डायवर्ट होकर पनचक्की और लालडॉट/ऊंचापुल तिराहे से आगे जाएंगे।
नैनीताल रोड काठगोदाम से हल्द्वानी शहर आने वाले वाहन: महारानी होटल तिराहे से कुल्यालपुरा तिराहा और पानी की टंकी तिराहे की ओर, तिकोनिया चौराहे से वर्कशॉप लाइन होते हुए ताज चौराहे की ओर तथा नैनीताल बैंक तिराहे से अल्मोड़ा अर्बन बैंक तिराहा और जेल रोड तिराहे की ओर डायवर्जन किया जाएगा।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग-
दोपहिया वाहनों के लिए
ओके होटल के सामने स्टेडियम वाली गली में सड़क किनारे, सिंधी स्वीट्स के बगल में मैजिक स्टैंड तथा तहसील परिसर हल्द्वानी में दोपहिया वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
निजी कारों के लिए
कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहन पर्वतीय उत्थान मंच में, रामपुर रोड से आने वाले वाहन एचएन इंटर कॉलेज में, नैनीताल रोड से आने वाले वाहन ठंडी सड़क/वर्कशॉप लाइन में तथा बरेली रोड से आने वाले वाहन लक्ष्मी शिशु मंदिर/गांधी इंटर कॉलेज के पास पार्क किए जाएंगे।
ऑटो और मैजिक स्टैंड के स्थान बदले
भोलानाथ ऑटो स्टैंड का संचालन जेल रोड तिराहे से और ओके होटल ऑटो स्टैंड का संचालन बर्फ वाली गली से किया जाएगा। सिंधी स्वीट्स मैजिक स्टैंड और सरगम ऑटो स्टैंड का संचालन एचएन इंटर कॉलेज, रामपुर रोड से होगा।
इन क्षेत्रों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
रोडवेज स्टेशन तिराहा, कालाढूंगी तिराहा, ओके होटल तिराहा और सिटी चौक के मध्य सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पूरे शहर में दशहरा कार्यक्रम समाप्त होने तक भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। जारी प्लान के अनुसार यह व्यवस्था आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों पर भी लागू होगी।
पुलिस ने रामलीला मैदान में दशहरा पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि पार्किंग संबंधी असुविधा से बचने के लिए यथासंभव पैदल चलें या सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें।

