उत्तराखंड में गैरसैंण विधानसभा सत्र: सुरक्षा व्यवस्था पर स्पीकर ऋतु खंडूडी भूषण के कड़े निर्देश…..……

देहरादून: ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 27 अगस्त से होने वाले विधानसभा सत्र के लिए विधानसभा सचिवालय तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। इसी कड़ी में सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शनिवार को देहरादून में हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने अधिकारियों को सत्र के दौरान व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

विधानसभा अध्यक्ष खंडूड़ी ने विधानसभा भवन के सभागार में शासन, पुलिस प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक में सत्र के सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा की गरिमा एवं सुरक्षा सर्वोपरि है। किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि सत्र अवधि में विधानसभा के कर्मचारी भी बिना विधिवत जारी वाहन प्रवेश पत्र के परिसर में अपने वाहन प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

विधायकों की संस्तुति पर एक तथा मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि विधानसभा सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकार्डिंग एवं वेबकास्टिंग सूचना एवं लोक संपर्क विभाग तथा आइटी विकास अभिकरण द्वारा की जाएगी, ताकि आमजन भी पारदर्शिता के साथ सदन की कार्यवाही से जुड़ सकें।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *