पोहे से बने कुरकुरे पकौड़ों का स्वाद है लाजवाब, एक बार खाएंगे तो बार-बार बनाएंगे………
देहरादून: शाम की चाय के साथ कुछ कुरकुरा और चटपटा खाने का मन है तो इस बार पोहा पकौड़े ट्राई कर सकते हैं। पोहा, आलू, प्याज और मसालों से बनने वाले ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं। आज हम आपको घर पर पोहा पकौड़े बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे।
पकौड़े कई तरह के होते हैं, जैसे प्याज के पकौड़े, आलू के पकौड़े और गोभी के पकौड़े। लेकिन आप इस बार कुछ अलग और टेस्टी ट्राई करना चाहते हैं तो पोहा पकौड़े बना सकते हैं। पोहा, उबले आलू, प्याज और मसालों से तैयार होने वाले ये पकौड़े बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं। इस पकौड़ा का स्वाद हरी चटनी या चाट मसाले के स्वाद और भी बढ़ जाता है। खास बात यह है कि इन्हें आप घर पर बेहद आसानी से बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होती।
शाम की हल्की भूख में चाय के साथ गरमागरम पकौड़ों का स्वाद और भी बढ़ जाता है। अगर आप भी रोज के स्नैक्स से हटकर कुछ अलग ट्राई करना चाहते हैं तो पोहे से बने ये पकौड़े जरूर बनाएं। आइए जानते हैं पोहा पकौड़े कैसे बनाते हैं और इन्हें बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी।
बनाने के लिए ये चाहिये सामग्री-
1 कप पोहा (मोटा या मीडियम)
1 उबला हुआ आलू (मैश किया हुआ)
1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ)
¼ छोटी चम्मच हल्दी
½ छोटी चम्मच लाल मिर्च पाउडर
½ छोटी चम्मच गरम मसाला
1 छोटी चम्मच नींबू का रस या आमचूर पाउडर
स्वादानुसार नमक
2 बड़े चम्मच बेसन
1 बड़ा चम्मच चावल का आटा (ऑप्शनल)
तलने के लिए तेल
पोहा पकौड़े कैसे बनाएं।
पोहा से पकौड़े बनाने के लिए सबसे पहले पोहे को छलनी में लेकर साफ पानी से अच्छी तरह धो लें। इसे 5-7 मिनट के लिए अलग रख दें, ताकि पोहा हल्का नरम हो जाए। ध्यान रखें कि पोहा बहुत ज्यादा गीला या चिपचिपा न हो।
अब एक बड़े बाउल में भीगा हुआ पोहा और मैश किया हुआ आलू डालें। इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, अदरक और हरा धनिया मिलाएं। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, नमक और नींबू का रस डालें। आखिर में बेसन और चावल का आटा डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को हाथों से हल्का दबाकर मिलाएं, ताकि पकौड़े आसानी से बन सकें।
एक कड़ाही में तेल गर्म करें। अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे पकौड़े बनाकर गर्म तेल में डालें। इन्हें मीडियम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। एक बार में बहुत ज्यादा पकौड़े न डालें, ताकि वे अच्छी तरह पक सकें।
जब पकौड़े सुनहरे और कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें तेल से निकालकर टिशू पेपर पर रख दें। इसी तरह बाकी मिश्रण से भी पकौड़े तैयार कर लें। गरमागरम पोहा पकौड़ों को हरी चटनी, मीठी इमली की चटनी या टमैटो सॉस के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़कने पर इनका स्वाद और बढ़ जाएगा।

