उत्तराखंड के कैंची धाम में ट्रैफिक प्लान सख्त, ग्राउंड जीरो पर अधिकारी, स्टीकर व्यवस्था लागू…………

नैनीताल: वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मोर्चा संभाल लिया है। 10 और 11 अक्टूबर को प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस अधिकारी ग्राउंड जीरो पर उतरकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। श्रद्धालुओं को सुगम यात्रा और सुरक्षित दर्शन उपलब्ध कराने के लिए पार्किंग, शटल सेवा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी कार्यालय एवं संचार रेवाधर मठपाल और एसपी सिटी हल्द्वानी हरबंश सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। अधिकारियों को यातायात संचालन और निर्धारित व्यवस्थाओं की निगरानी में लगाया गया है।

पुलिस की ओर से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों को व्यवस्थित ढंग से खड़ा कराने की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थलों से कैंची धाम तक श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए शटल सेवा भी संचालित की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में सुविधा मिल सके।

यातायात प्लान, पार्किंग स्थलों और शटल सेवा की जानकारी अनाउंसमेंट के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों तक पहुंचाई जा रही है। इसके साथ ही एंट्री पॉइंट पर वाहनों में स्टीकर लगाए जा रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था को निर्धारित योजना के अनुसार संचालित करने में मदद मिल सके।

वीकेंड के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को विभिन्न ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात किया गया है। अधिकारी लगातार मौके पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं। नैनीताल पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुगम यात्रा, सुरक्षित दर्शन और बेहतर यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *