उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा पर फिर शुरू हुई राफ्टिंग, सप्ताहांत में भीड़ बढ़ने का अनुमान………

ऋषिकेश: गंगा में मंगलवार से फिर राफ्टिंग शुरू हो गई। गंगा का जलस्तर बढ़ने और मौसम अलर्ट के चलते 26 सितंबर को राफ्टिंग पर रोक लगाई गई थी। राफ्टिंग फिर से शुरू होने के बाद कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। इस सप्ताहांत राफ्टिंग के लिए अच्छी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने का अनुमान है।

गंगा में सितंबर से जून तक राफ्टिंग सीजन रहता है। इस साल 24 सितंबर से राफ्टिंग सीजन शुरू हुआ था। दो दिन तक राफ्टिंग चली। 26 सितंबर को मौसम खराब होने के कारण दोपहर बाद राफ्टिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी गई थी। लगातार वर्षा के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ था।

मंगलवार को 1433 पर्यटकों ने गंगा में राफ्टिंग
रविवार को गंगा चेतावनी निशान के पार पहुंच गई थी। वर्षा थमने के बाद गंगा का जलस्तर कम हो गया। इसके बाद मंगलवार से फिर राफ्टिंग शुरू कर दी गई। जिला साहसिक खेल अधिकारी टिहरी एसएस राणा ने बताया कि मंगलवार को 1433 पर्यटकों ने गंगा में राफ्टिंग की।

वहीं, राफ्टिंग फिर शुरू होने से कारोबारियों के चेहरे भी खिल गए हैं। पिछले सप्ताहांत राफ्टिंग बंद होने से दो हजार से अधिक पर्यटक वापस लौटे थे। इस बार लंबा सप्ताहांत है। शुक्रवार को सार्वजनिक अवकाश है। उसके बाद शनिवार और रविवार को दिल्ली-एनसीआर से बड़ी संख्या में पर्यटक राफ्टिंग के लिए पहुंचते हैं।

राफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष धर्मेंद्र नेगी ने बताया कि सप्ताहांत को लेकर कुछ एडवांस बुकिंग भी है। उम्मीद है कि अधिक पर्यटक पहुंचेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *