उत्तराखंड में भारी बारिश के बीच मानसून की विदाई, 28 सितंबर तक ऑरेंज-येलो अलर्ट…….

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर तेज होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने 25 से 28 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जनपदों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार 25 से 28 सितंबर के बीच प्रदेश में मौसम का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अलग-अलग रहेगा। इसके बाद 29 और 30 सितंबर को बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 सितंबर से प्रदेश में मानसून की विदाई का क्रम शुरू होने के संकेत हैं।

25 सितंबर को इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार शुक्रवार, 25 सितंबर को बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना है।

इस दौरान इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। इन जनपदों के लिए वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी गर्जन वाले बादल विकसित होने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

26 सितंबर को कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
26 सितंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने इस दिन नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चंपावत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसके अलावा देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पौड़ी और चमोली जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के अन्य जनपदों में भी आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

27 सितंबर को कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
27 सितंबर को देहरादून, नैनीताल, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

इन जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं प्रदेश के अन्य जनपदों में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
28 सितंबर को देहरादून और उत्तरकाशी में येलो अलर्ट
28 सितंबर को देहरादून और उत्तरकाशी जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना जताई गई है।

29 और 30 सितंबर से बारिश में कमी के संकेत
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 और 30 सितंबर को प्रदेश के पर्वतीय जनपदों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है।
इस दौरान प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 30 सितंबर से उत्तराखंड में मानसून की विदाई का क्रम शुरू होने की संभावना है। इसके बाद अगले एक-दो दिनों में प्रदेश के सभी जनपदों से मानसून के विदा होने की संभावना जताई गई है।

इस तरह सितंबर के अंतिम सप्ताह में उत्तराखंड में एक बार फिर बारिश का दौर सक्रिय रहने के बाद महीने के अंत से मौसम में बदलाव और मानसून की विदाई का क्रम शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *