उत्तराखंड के लैंसडाउन में अग्निवीरों से मिले NSA अजित डोभाल, ड्रोन ट्रेनिंग से आधुनिक हथियारों तक का देखा लाइव डेमो…….

कोटद्वार: उत्तराखंड के लैंसडाउन में अजित डोभाल ने गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर का दौरा किया। अग्निवीरों से मुलाकात के दौरान उन्होंने ट्रेनिंग से जुड़ी गतिविधियां देखीं। दौरे में कुछ खास जगहों पर उनकी मौजूदगी भी रही।

उत्तराखंड के लैंसडाउन में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजित डोभाल ने अग्निवीरों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों की ट्रेनिंग देखी, जिसमें ड्रोन ऑपरेशन से लेकर आधुनिक टैक्टिकल हथियारों का प्रदर्शन शामिल था। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि भी इस दौरान मौजूद रहे।

डोभाल 19 सितंबर को गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर पहुंचे थे। हेलीपैड पर गढ़वाल राइफल्स और गढ़वाल स्काउट्स के कर्नल लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने उनका स्वागत किया। सेंटर के कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी भी वहां मौजूद रहे।

दौरे की शुरुआत शौर्य स्थल से हुई, जहां रेजिमेंट के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार पाने वाले जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। वहां पौधरोपण के बाद अजित डोभाल ‘दीदी-भुल्ली सशक्तीकरण प्रोजेक्ट’ के तहत चलने वाले ‘ट्रिप इज लाइफ’ कैफे पहुंचे। स्थानीय महिलाओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कैफे में गढ़वाली चाय के साथ स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया। फिर वे रेजिमेंटल सेंटर के मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की।

मंदिर में पूजा के बाद डोभाल बीर सिंह लाइंस पहुंचे, जहां अग्निवीरों ने अपनी ट्रेनिंग का प्रदर्शन किया। इसमें लाइव ड्रोन ट्रेनिंग के साथ टैक्टिकल हथियारों का अभ्यास भी शामिल था। जवानों ने FRAS, TASS और CQBTS जैसी क्लोज कॉम्बैट तकनीकों का प्रदर्शन किया। साथ ही, अग्निवीरों ने ऑपरेशनल ब्रीफिंग देकर अपनी ट्रेनिंग से जुड़ी जानकारियां साझा कीं।

दौरे के दौरान 2003 में बनाए गए जल संरक्षण प्रोजेक्ट ‘भुल्ला ताल’ का भी मुआयना किया गया। शाम को सैन्य बैंड ने गढ़वाली गीतों के साथ देशभक्ति की धुनें पेश कीं। अगले दिन 20 सितंबर को वॉर मेमोरियल पर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद अधिकारियों, जेसीओ, जवानों और अग्निवीरों से ट्रेनिंग, ऑपरेशनल क्षमता और सुविधाओं को लेकर बातचीत हुई।

कोटद्वार से आए करीब 80 पूर्व सैनिकों ने भी डोभाल से मुलाकात की और उन्हें शॉल भेंट की। कार्यक्रम के दौरान CDS जनरल एनएस राजा सुब्रमणि की ओर से उन्हें स्मृति चिह्न दिया गया। गढ़वाल राइफल्स के कर्नल लेफ्टिनेंट जनरल दिनेश सिंह राणा ने उन्हें ‘The Garhwaleez Soldiers and People’ किताब भेंट की। स्थानीय कलाकार देवेंद्र नैथानी की बनाई अजित डोभाल की खास पोस्टर भी उन्हें दिया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *